भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाते हुए राज्यपाल को लिखा पत्र- मेरी हत्या कराना चाहती है ममता सरकार

तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद बैरकपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गए अर्जुन सिंह ने बंगाल की ममता सरकार पर हत्या कराने की कोशिश का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Fri, 15 May 2020 03:59 PM (IST) Updated:Fri, 15 May 2020 03:59 PM (IST)
भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाते हुए राज्यपाल को लिखा पत्र- मेरी हत्या कराना चाहती है ममता सरकार
भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाते हुए राज्यपाल को लिखा पत्र- मेरी हत्या कराना चाहती है ममता सरकार

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद बैरकपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गए अर्जुन सिंह ने बंगाल की ममता सरकार पर हत्या कराने की कोशिश का सनसनीखेज आरोप लगाया है। सांसद ने राज्यपाल जगदीप धनखड़ को पत्र लिखकर यह आरोप लगाया है। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि यदि हमारे सांसद के साथ कुछ भी अनिष्ट होता है, तो इसके जिम्मेदार ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर अजय ठाकुर होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को इसके परिणाम भी भुगतने होंगे।

सांसद अर्जुन सिंह ने राज्यपाल पत्र लिखकर राज्य सरकार पर आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदेश पर ज्वाइंट सीपी अजय ठाकुर उनकी हत्या करना चाहते हैं। इस पुलिस अधिकारी से सांसद और उनके परिवार को खतरा है। सांसद ने आरोप लगाया कि पुलिस अफसर उनके दफ्तर में अपनी टीम के साथ पहुंचे और सब तहस-नहस कर दिया। सिंह ने आरोप लगाया कि 14 मई की शाम 7:30 बजे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर पुलिस अधिकारी ठाकुर अपने 35 सहयोगियों के साथ उनके कार्यालय में पहुंचे और संदेहास्पद रूप से उसके आसपास घूमने लगे। जब उनके सिक्यूरिटी-इन-चार्ज ने उन लोगों की उपस्थिति के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि वह नोटिस देने आए हैं। लेकिन जब नोटिस मांगा गया, तो तत्काल उपलब्ध कराने में असमर्थ रहे।

बाद में एक सब-इंस्पेक्टर ने उनके सामने ही नोटिस लिखा। सांसद ने आरोप लगाया कि उन्हें मिली सूचना के अनुसार, पुलिस उनकी और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या करने आई थी। पुलिस अफसर ठाकुर के 35 सदस्यों और सहयोगियों में दो क्रिमिनल भी थे, जो सिविल ड्रेस में थे। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ अभी तक पुलिस ने 75 झूठे मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि वे अजय ठाकुर के खिलाफ जांच के आदेश दें।

दूसरी ओर, शुक्रवार को कैलाश विजयवर्गीय ने ममता सरकार पर अपनी पार्टी के सांसद की जान का दुश्मन होने का आरोप लगाया। विजयवर्गीय ने इस दौरान एक पुलिस अफसर को निशाने पर लिया और ट्वीट किया,‘पुलिस है या सुपारी डॉन? बंगाल पुलिस भाजपा के एक सांसद की जान की दुश्मन बनी हुई है। करीब साल भर से कई तरह के हथकंडे अपनाकर बैरकपुर के ज्वाइंट सीपी अजय ठाकुर उनके पीछे पड़े हैं। यदि हमारे सांसद के साथ कुछ भी अनिष्ट होता है, तो इसके जिम्मेदार अजय ठाकुर होंगे।’ 

chat bot
आपका साथी