अस्पताल में तोड़-फोड़, आरोपित गिरफ्तार

-पुलिस ने तीन अन्य साथियों को भी दबोचा -गिरफ्तार आरोपित शहर को बड़ा कैसीनो कारोबारी

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 10:08 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 10:08 PM (IST)
अस्पताल में तोड़-फोड़, आरोपित गिरफ्तार
अस्पताल में तोड़-फोड़, आरोपित गिरफ्तार

-पुलिस ने तीन अन्य साथियों को भी दबोचा

-गिरफ्तार आरोपित शहर को बड़ा कैसीनो कारोबारी

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : अस्पताल में तोड़-फोड़ व कर्मचारियों के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस ने शहर के एक बाहुबली को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम राहुल गर्ग उर्फ रिकी डॉन बताया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने उसके और तीन साथियों को गिरफ्तार किया है।

बीते दो दिन पहले यह घटना शहर के खालपाड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में घटी है। जानकारी के मुताबिक आरोपित राहुल गर्ग उर्फ रिकी व उसके साथी रोहित गर्ग नामक एक युवक को लहूलुहान स्थिति में लेकर अस्पताल पहुंचे। उसके सिर पर गहरी चोट थी। नियमानुसार घटना की जानकारी पुलिस को दी जानी थी। लेकिन इन लोगों ने पुलिस को बताए बिना ही इलाज करने का दबाव बनाया। लेकिन अस्पताल के कर्मचारी व डॉक्टरों ने पुलिस को बताए बिना इलाज करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद ये लोग घायल को लेकर चले गए। करीब एक घंटे बाद ये लोग दोबारा अस्पताल में दाखिल हुए और हंगामा मचाने लगे। इसी क्रम में बीच-बचाव करने आए अस्पताल कर्मचारी और डॉक्टरों के साथ इन लोगों ने मारपीट भी की। आरोप है कि अस्पताल में तोड़-फोड़ भी मचाया। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की शिकायत सिलीगुड़ी थाना अंतर्गत खालपाड़ा पुलिस चौकी में दर्ज कराई। दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने राहुल गर्ग उर्फ रिकी के साथ घटना में शामिल विधान महतो,सुमित महतो और एक अन्य को गिरफ्तार किया। आरोपितों को अदालत में पेश किया गया है।

कैसे कैसीनो चलाता है आरोपित

यहां बताते चलें कि आरोपित कथित बाहुबली राहुल गर्ग उर्फ रिकी डॉन सिलीगुड़ी का महका हुआ कैसीनो व्यापारी है। शहर व आस-पास के इलाकों में इसके कई कैसीनो चल रहे हैं। पुलिस सूत्रों की माने तो राज्य में ज्ञान बढ़ाने और समय बिताने के लिए कैसीनो में खेलाए जाने वाला पोकर वैध है। इसी नियम का सहारा लेकर शहर व आस-पास के इलाकों कई होटल, रेस्टोरेंट आदि में कमरा किराए पर लेकर कैसीनो का धंधा चलाया जा रहा है। पुलिस के आंख में धूल झोंकने के लिए कैसीनो को क्लब का रुप दिया जाता है। जिसमें जुआरियों को सदस्य बनाकर पोकर खेलाया जाता है।

chat bot
आपका साथी