दोनों धाम में पसरा सन्नाटा

By Edited By: Publish:Fri, 18 Jul 2014 06:31 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jul 2014 06:31 PM (IST)
दोनों धाम में पसरा सन्नाटा

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गंगोत्री व यमुनोत्री धाम की यात्रा शुक्रवार को पूरी तरह बंद रही। जिला प्रशासन ने दोनों धामों की ओर जाने वाले यात्रियों व शिवभक्तों को रोके रखा। इसके चलते दोनों धामों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।

इस बरसात के सीजन में पहली बार गंगोत्री व यमुनोत्री धाम तक यात्री नहीं पहुंच सके। इस बार यात्रियों की तादाद पहले से ही कम रही, लेकिन मौसम ठीक रहने के कारण दोनों धामों में निरंतर यात्री पहुंचते रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर दो दिन तक बारिश व खराब मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने दो दिन के लिए यात्रा पर रोक लगा दी। इसके चलते यमुनोत्री रूट पर बड़कोट में ही यात्रियों को आगे जाने से रोक दिया गया। रानाचट्टी के समीप सुबह हाईवे खुलने से करीब दो सौ यात्री यमुनोत्री धाम से सुरक्षित निकल आए। वहीं गंगोत्री रूट पर चिन्यालीसौड़ व उत्तरकाशी में बैरीकेड लगाकर यात्रियों व कांवड़ियों को रोका गया। जिसके चलते उत्तरकाशी, धरासू व चिन्यालीसौड़ में सैकड़ों कांवड़िये व यात्री सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। गंगोत्री धाम से सुबह स्वामी रामदेव के साथ 400 कार्यकर्ता व 50 अन्य यात्री रवाना हुए। लेकिन गंगोत्री हाईवे हेलगू व लालढांग में बंद होने के कारण गंगनानी, हर्षिल, धराली में सड़क खोलने का इंतजार करते रहे। गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि शुक्रवार को कोई भी यात्री धाम तक नहीं पहुंच सका। केवल साधू संत, तीर्थ पुरोहित व स्थानीय व्यापारी ही रह गए हैं।

'खराब मौसम और सड़क पर भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को आगे जाने से रोका जा रहा है, विभिन्न पड़ावों पर रुके यात्रियों की स्थित पर नजर रखी जा रही है। जगतराम जोशी, एसपी, उत्तरकाशी।

chat bot
आपका साथी