आजाद मैदान को कब मिलेगी आजादी

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : नगर पालिका बाड़ाहाट और जिला प्रशासन के उपेक्षित रवैये के चलते नगर का आजा

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Jun 2018 09:44 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jun 2018 09:44 PM (IST)
आजाद मैदान को कब मिलेगी आजादी
आजाद मैदान को कब मिलेगी आजादी

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : नगर पालिका बाड़ाहाट और जिला प्रशासन के उपेक्षित रवैये के चलते नगर का आजाद मैदान मिनी स्टेडियम नहीं बन पाया है। कभी खेल, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहे इस मैदान का इस्तेमाल अब पार्किंग के तौर पर किया जा रहा है। इससे इस मैदान का स्वरूप भी खो रहा है।

जिला मुख्यालय पर नगर के मध्य स्थित आजाद मैदान का स्वर्णिम इतिहास रहा है। हर साल पौराणिक माघ मेला (बाड़ाहाट का थौलू) एवं रामलीला आयोजन के साथ ही यह मैदान कभी खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा। इस मैदान में क्रिकेट, फुटबाल समेत तमाम खेलों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित हुई हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, लालकृष्ण आडवाणी, सोनिया गांधी समेत तमाम बड़े नेताओं की चुनावी सभाएं इसी मैदान में हुईं। अब अतिक्रमण की मार झेल रहे इस मैदान को दुरुस्त करने और इसके सौंदर्यीकरण के नाम पर बीते सालों में एक करोड़ से अधिक बजट खर्च किया जा चुका है। इस मैदान को विकसित करने के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मिनी स्टेडियम की घोषणा 2013 में कर दी थी।

मैदान की देखरेख की जिम्मेदारी नगर पालिका के पास होने के कारण नगर पालिका की अनुमति जरूरी थी। इसके लिए खेल विभाग ने मिनी स्टेडियम बनाने के लिए कई बार नगर पालिका को पत्र लिखे। पहले तो खेल विभाग को नगर पालिका ने जवाब देना भी उचित नहीं समझा। बदहाल स्थिति में है आजाद मैदान

उत्तरकाशी : आज स्थिति यह है कि जिला मुख्यालय पर स्थाई बस अड्डा न होने के कारण इस मैदान को पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इस मैदान में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, मैदान का भी सही ढंग से समतलीकरण नहीं किया गया है। पेयजल के लिए मैदान में ट्यूबवैल की बो¨रग की गई। साथ ही आसपास के लोगों ने इस मैदान कूड़ा घर भी बना दिया है। आजाद मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा हुई थी, इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाना था, लेकिन, अभी तक प्रस्ताव नहीं बना। खेल विभाग के साथ मिल जल्द ही प्रस्ताव बनाया जाएगा।

-अनुराग आर्य, प्रशासक नपा बाड़ाहाट, एवं प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी उत्तरकाशी।

chat bot
आपका साथी