रामनगर में स्‍कूल बस से भिड़ी पैसेंजर बस, हादसे में 13 यात्री घायल nainital news

रामनगर से हल्द्वानी जा रही बस छोई के पास स्कूल बस से टकरा गई। आमने-सामने की हुई इस भिड़ंत में पैसेंजर बस में सवार 13 लोग घायल हो गए।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Thu, 20 Feb 2020 11:12 AM (IST) Updated:Thu, 20 Feb 2020 07:57 PM (IST)
रामनगर में स्‍कूल बस से भिड़ी पैसेंजर बस, हादसे में 13 यात्री घायल nainital news
रामनगर में स्‍कूल बस से भिड़ी पैसेंजर बस, हादसे में 13 यात्री घायल nainital news

रामनगर, जेएनएन : हल्द्वानी आ रही यात्रियों से भरी प्राइवेट बस की गुरुवार सुबह बैलगढ़ के पास स्कूल बस से भिड़ंत हो गई। 20 यात्री घायल हो गए। गनीमत रही कि स्कूल बस में उस समय कोई विद्यार्थी नहीं था। पुलिस ने घायलों को संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। एक घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

गुरुवार सुबह 9.25 बजे यात्री बस रामनगर स्टेशन से हल्द्वानी के लिए रवाना हुई। बस में तकरीबन 40 यात्री सवार थे। रामनगर से दो किलोमीटर दूर इस बस की हिलवुड एकेडमी की स्कूल बस से टक्कर हो गई। दोनों बसों के चालक-परिचालक समेत 20 लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुन राहगीर बचाव कार्य में जुट गए। सूचना पर कोतवाल रवि सैनी और सीओ पंकज गैरोला पहुुंचे। घायलों को बस से निकालकर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। अधिकांश यात्रियों के सिर और पैर में चोट है। गंभीर रूप से घायल मनोहर सिंह को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। यात्रियों ने बताया कि स्कूल बस के चालक ने रांग साइड से आकर उनकी बस को टक्कर मारी। 

हादसे में घायल यात्री

भगवान सिंह (30) निवासी नया गांव चौहान, ताहिर हुसैन (35) खताड़ी, फईम (27) ईदगाह खताड़ी, कोमल शर्मा (27) निवास रोडवेज के पास, पे्रमा देवी (43) ग्राम बासीटीला, धर्मगिरी (60) दुर्गापुरी, कैलो देवी (60), भगवानीगंज, रोहित देवल (27) भवानीगंज, पवन गिरी (45) रेलवे पड़ाव, शालिनी (23) मालधन, कोमल (36) ग्राम चिल्किया, रिद्धी बिष्ट (2) छोई, नेहा (30) धनखोला, पदमा देवी (43) ग्राम बंदरजुड़ा, जगदीश (45) पाटकोट, महेंद्र कुमार (25) पाटकोट सभी ब्लॉक रामनगर, राजेंद्र बिष्ट (19) ग्राम मुक्तेश्वर, आशीष ढौढियाल (21) लामाचौड़, मनोहर रावत (56) भतरोजखान, उमा मोर्या (30) कालाढूंगी थाना क्षेत्र।

...काश इस बस से न जाता

संयुक्त चिकित्सालय में घायल पड़े मनोहर सिंह भतरोजखान से रामनगर आए थे। उन्हें किसी सगाई में हल्द्वानी जाना था। यात्री बस में चढ़े। बस में भीड़ होने से उतरने का मन बनाने लगे। दूसरी बस के आने में देर होनेे पर नहीं उतर पाए। मनोहर ने बताया कि अगर बस से उतर गए होते तो अस्पताल नहीं पहुंचते। 

मार्ग पर जाम, वाहनों की कतार

बैलगढ़ में दो बसों की टक्कर लगने के बाद हल्द्वानी-रामनगर मार्ग पर जाम लग गया। काफी देर तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। करीब 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने बमुश्किल वाहनों की आवाजाही सुचारु कराई।

दो घायलों का सामान नदारद

घटना स्थल पर घायल बदहवास पड़े थे। घायल शिक्षक ताहिर हुसैन को अस्पताल लाया गया तो उनका मोबाइल नहीं मिला। उनके भाई रजिस्ट्रार कानूनगो आरिफ हुसैन ने कॉल लगाई तो स्विच ऑफ आया। एक अन्य यात्री के सामान का बैग भी नदारद था।

महिला सिपाही व जल संस्थान कर्मी घायल

जल संस्थान रामनगर के वाहन चालक धर्मगिरी भी हादसे में घायल हो गए। धर्मगिरी ने बताया कि विभाग का वाहन रोस्टर लाने के लिए काठगोदाम जा रहे थे। जल संस्थान के ईई जेपी यादव ने चिकित्सालय पहुंचकर हालचाल जाना। हादसे में रामनगर से थाना कालाढूंगी ड्यूटी जा रही सिपाही उमा भी घायल हो गई।

अस्पताल में भीड़

एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने दोपहर में अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी ली। ब्लॉक प्रमुख रेखा रावत, भाजपा नेता इन्दर रावत समेत घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।

यह भी पढ़ें : 22 फरवरी से सात मार्च तक बंद रहेगी नैनीताल रोड, भवाली होकर नैनीताल निकलेंगी गाडिय़ां

यह भी पढ़ें : फॉरेस्ट गार्ड परीक्षा का पेपर लीक होने पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

chat bot
आपका साथी