Varanasi City Weather Update : बादलों की कैद में आसमान, जमीन पर धूप और गर्मी से मिली राहत
मौसम विज्ञानियों की उम्मीदों के अनुरूप ही वातावरण में बादलों का रुख बना हुआ है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख थोड़ा सुधरेगा मगर बादलों की आवाजाही का रुख बना रहेगा।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम विज्ञानियों की उम्मीदों के अनुरूप ही वातावरण में बादलों का रुख बना हुआ है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख थोड़ा सुधरेगा, मगर बादलों की आवाजाही का रुख बना रहेगा। वातावरण में गर्मी का असर तो होगा ही साथ ही मौसम का रुख भी तल्ख होगा। हालांकि, लोकल हीटिंग और वातावरण में नमी का असर होगा तो बारिश भी होगी। वहीं मौसम का रुख अब मानसूनी सक्रियता के अनुकूल होता जा रहा है इसकी वजह से परिस्थितियां भी अब बारिश के अनुकूल होती जा रही हैं। अब लगभग 28 दिनों के बाद सोनभद्र के रास्ते मानसून भी पूर्वांचल में दस्तक दे देगा।
मंगलवार की सुबह मौसम काफी सुहावना रहा, सुबह आसमान पूरी तरह बादलों की कैद में रहे। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई और ठंडी हवाओं का भी जोर रहा। सुबह नौ बजे तक ठंडी हवाओं का जोर रहने से लोगों को ठंड का भी अहसास हुआ। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि अब प्री मानसूनी बारिश का भी दौर चक्रवात के बाद नजर आएगा। मौसम का रुख नमी के साथ ही बादलों का हो जाएगा, जबकि लोकल हीटिंग की वजह से बादलों की सक्रियता होना तय है। ऐसे में इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही का क्रम जारी रहेगा। इसकी वजह से मौसम का रुख काफी हद तक बेहतर बना रहेगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 63 फीसद और न्यूनतम 33 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल के साथ समूचे उत्तर प्रदेश में टाक्टे तूफान का असर बादलों के रूप में दिखाई दे रहा है। देर रात वाराणसी और आसपास के कई इलाकों में बूंदाबांदी और बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि इसका असर अगले दो दिनों तक और बना रहेगा। इसके बाद बादलों की आवाजाही का क्रम भी जारी रहेगा।