सम्मानित किए गए सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य

सुल्तानपुर : शिक्षक कभी भी रिटायर नहीं होता है। समाज में मार्गदर्शक के रूप में वह सदैव जीवंत रहता है

By Edited By: Publish:Fri, 17 Oct 2014 09:06 PM (IST) Updated:Fri, 17 Oct 2014 09:06 PM (IST)
सम्मानित किए गए सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य

सुल्तानपुर : शिक्षक कभी भी रिटायर नहीं होता है। समाज में मार्गदर्शक के रूप में वह सदैव जीवंत रहता है। शिक्षक ही राष्ट्र एवं समाज के निर्माण को दिशा देने में समर्थ होता है। ये कहना है माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय) के प्रदेश अध्यक्ष अमरनाथ सिंह का। वे शुक्रवार को एमजीएस परिसर स्थित क्षत्रिय भवन में प्रधानाचार्य परिषद के बैनर तले आयोजित सेवानिवृत्त प्राचार्य सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मंडलीय मंत्री बजरंगी सिंह के संयोजन व शोभनाथ वर्मा के संचालन में पूर्वाह्न समारोह की शुरुआत हुई। बतौर मुख्य अतिथि अमरनाथ सिंह ने जिले के विभिन्न विद्यालयों के सेवानिवृत्त 18 प्रधानाचार्यो को सम्मानित किया। परिषद के पदाधिकारियों ने सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यो को रामचरित मानस की प्रतियां भेंट कर व अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर अपने संबोधन में माशिसं प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि जीवन पर्यन्त शिक्षक समाज को दिशा देने का कार्य करता रहता है। वह कभी भी रिटायर नहीं होता है। उस पर समाज एवं राष्ट्र निर्माण का गुरुतर दायित्व होता है। ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। इस मौके पर कमलाकर इंटर कालेज के राजेंद्रमणि पांडेय, कामतागंज इंटर कालेज के हरि प्रसाद सिंह आदि पूर्व प्राचार्य सम्मानित किए गए। जबकि लम्भुआ के डॉ.गुलाब सिंह, दियरा के विजय कुमार सिंह, उतुरी के डॉ.महेंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ पदाधिकारी हनुमान सिंह एवं जिविनि दफ्तर के लेखाधिकारी विश्वप्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी