कंधे पर कांवर, दिल में उमामहेश्वर

By Edited By: Publish:Mon, 28 Jul 2014 07:00 PM (IST) Updated:Mon, 28 Jul 2014 07:00 PM (IST)
कंधे पर कांवर, दिल में उमामहेश्वर

शिवद्वार/घोरावल (सोनभद्र) : गुप्त काशी के नाम से प्रसिद्ध शिवद्वार धाम में श्रावण मास के तीसरे सोमवार को लगभग एक लाख कांवरियों ने उमामहेश्वर का जलाभिषेक किया। रविवार को ही कांवरियों की भारी भीड़ देखते ही जलाभिषेक शुरू करा दिया गया। शाम ढलते-ढलते मंदिर परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। पुलिस व्यवस्था सुदृढ़ रहने से कांवरियों को दर्शन-पूजन में कठिनाई नहीं हुई।

हजारों की संख्या में कांवरिये रविवार की रात में ही बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होकर जलाभिषेक के इंतजार में 'हर-हर महादेव' व 'बोल बम' का नारा लगा रहे थे। ओमनम: शिवाय, बोल बम के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंज रहा था। बढ़ती भीड़ देख रात एक बजे मंदिर का पट जलाभिषेक लिए खोल दिया गया। मध्य रात्रि के बाद सफेद वस्त्र पहने डाक बम सीटी बजाते मंदिर परिसर में पहुंच गए। इन्हें तुरंत अलग से रास्ता बनाकर जलाभिषेक कराया गया। सोमवार की सुबह श्रद्धालु कतार बद्ध होकर बाबा भोलेनाथ का दर्शन- पूजन किया। चिकित्सा व्यवस्था में स्थानीय सीएचसी के अलावा अन्य चिकित्सक भी तैनात किए गए थे। सावन मास होने के बावजूद विद्युत व्यवस्था बेपटरी रही, जिससे कांवरियों को काफी परेशानियां हुई।

डीएम, एसपी ने टेका मत्था

शिवद्वार : श्रावण मास के तीसरे सोमवार के मेले को सकुशल संपन्न कराने में जिला प्रशासन भी मुस्तैद रहा। सोमवार को जिलाधिकारी डीके सिंह और पुलिस अधीक्षक आरबी यादव ने मंदिर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने एसडीएम हर्ष देव पांडेय को एक किमी तक प्रकाश व पेयजल के लिए पांच टैंकर पानी की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर एडीएम मनीलाल यादव भी मौजूद थे। व्यवस्था का जायजा लेने के बाद डीएम व एसपी ने उमामहेश्वर के सामने मत्था टेका।

समिति ने किया सम्मानित

शिवद्वार : मंदिर के स्वयं सहायक सेवा समिति के प्रमुख सदस्य सुरेश गिरि व संजय मोदनवाल ने सोमवार को दर्शन- पूजन करने आए जिलाधिकारी, डीके सिंह, एसपी आरबी यादव व अपर जिलाधिकारी मनीलाल यादव, एसडीएम हर्ष देव पांडेय, तहसीलदार शिवसागर दुबे को उमामहेश्वर का प्रतीक चिह्न भेंट किया।

कलाकारों ने कराया भजनों का अमृतपान

सोनभद्र : सोनांचल सांस्कृतिक विकास मंच के तत्वावधान में रविवार की रात उमामहेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित जागरण कार्यक्रम में कलाकारों ने श्रद्धालुओं को भजनों का अमृतपान कराया। इस मौके पर मीरजापुर से आए प्रकाश एंड पार्टी के मधुर संगीत पर प्रिया, वर्षा, निशा, परवेज, रोहित तिवारी, मनीष सिंह, आशीष पांडे, विंध्यवासिनी दुबे ने छह घंटे लगातार भजनों की झड़ी लगा दी। सुमधुर भजनों का आलम यह था कि कांवरिये भी मंत्रमुग्ध होकर नाचने लगे। संस्था के पूर्व अध्यक्ष रामानंद सिंह ने प्रथम कांवरिया महंत अवध किशोर दास आदिशक्तिपीठ अनपरा को सम्मानित करने की घोषणा की। बताया कि विजयगढ़ दुर्ग से जल लेकर महंत अवध किशोर दास ने शिवद्वार में भोलेनाथ की मूर्ति पर जल चढ़ाकर कांवर यात्रा का श्रीगणेश किया था। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार श्री सिंह ने ही किया।

chat bot
आपका साथी