पुलिस देती ध्यान तो शायद बच जाती किशोर की जान

आठ दिन से लापता किशोर का शव मिलने से पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल। ग्रामीणों ने बांसुरा पेट्रोल पंप के पास किया रोड जाम।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 11:40 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 11:40 PM (IST)
पुलिस देती ध्यान तो शायद बच जाती किशोर की जान
पुलिस देती ध्यान तो शायद बच जाती किशोर की जान

सीतापुर : आठ दिन से लापता किशोर का सिर विहीन शव नाले में मिलने से रामपुर मथुरा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। किशोर के परिवारजन थाने के चक्कर काटते रहे और पुलिस टाल-मटोल में लगी रही। अगर पुलिस सक्रियता से प्रयास करती तो शायद यह घटना न होती और बालक की जान बची रहती। लापता किशोर का शव मिलने के बाद आमजन में पुलिस के प्रति नाराजगी है।

रामपुर मथुरा के गांव कबरियनपुरवा निवासी शहाबुद्दीन का 16 वर्षीय पुत्र मो. बिलाल चार सितंबर की सुबह फल बेचने गया था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवारजन ने उसकी तलाश शुरू की। किशोर का पता न चलने पर पिता शहाबुद्दीन ने थाने पर तहरीर दी। आरोप है कि तहरीर को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। किशोर की तलाश के बजाय टाल-मटोल में लगे रही। नतीजा यह रहा कि शनिवार शाम किशोर का शव बांसुरा पेट्रेाल पंप के पास नाले के पानी में उतराता मिला, जबकि मृतक का सिर गायब था।

एसओ रामपुर मथुरा ओपी तिवारी ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन संदिग्ध आरोपितों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मृतक के सिर की भी तलाश की जा रही है।

ग्रामीणों में समझाने में छूटा पुलिस व प्रशासन के पसीना :

नाले में किशोर का शव मिलने के बाद गुस्साए ग्रामीणाों ने शनिवार देर शाम बांसुरा पेट्रोल पंप के सामने रोड जाम कर दी थी। जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम महमूदाबाद आरडी राम, सीओ रविशंकर प्रसाद व अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, ग्रामीण रामपुर मथुरा एसओ पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। काफी मान-मनौव्वल के बाद परिवारजन रात करीब नौ बजे किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए।

कही थी अपहरण की बात :

परिवारजन के मुताबिक उन्होंने पुलिस को किशोर के अपहरण की जानकारी दी थी। जब वह लोग किशोर की तलाश कर रहे थे, उस समय कुछ महिलाओं ने यह बताया कि दो लोग बिलाल को बाइक पर बिठाकर साथ ले गए हैं।

गांव में गम और गुस्से का माहौल :

बिलाल का सिर कटा शव मिलने से गांव कबरियनपुरवा में गम और गुस्से का माहौल है। किशोर की हत्या से परिवार में मातम का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली को लेकर ग्रामीण नाराज हैं।

chat bot
आपका साथी