संक्रमण बढ़ता देख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने शुरू किया घर-घर मास्क बांटना

कोरोना संक्रमण ने फिर रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण के साथ ही लोगों को बचाव पर जोर दे रहा है। कोरोना योद्धा भी मोर्चे पर मुस्तैद हैं लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपनी डयूटी के अलावा संक्रमण की रोकथाम के लिए बिना किसी शोर-शराबा अपना योगदान दे रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 04 Apr 2021 12:08 AM (IST) Updated:Sun, 04 Apr 2021 12:08 AM (IST)
संक्रमण बढ़ता देख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने शुरू किया घर-घर मास्क बांटना
संक्रमण बढ़ता देख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने शुरू किया घर-घर मास्क बांटना

अजयवीर सिंह, शाहजहांपुर :

कोरोना संक्रमण ने फिर रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण के साथ ही लोगों को बचाव पर जोर दे रहा है। कोरोना योद्धा भी मोर्चे पर मुस्तैद हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अपनी डयूटी के अलावा संक्रमण की रोकथाम के लिए बिना किसी शोर-शराबा अपना योगदान दे रहे हैं। इन्हीं में एक हैं जलालाबाद विकासखंड के कलट्टरगंज गांव निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा देवी। वह खुद मास्क बना रही हैं। उसे घर-घर जाकर बांट रही हैं। ताकि इस बीमारी से लोग महफूज रह सकें। ऐसा वह पहली बार नहीं कर रहीं। गत वर्ष भी उन्होंने लगभग चार माह तक स्वयं के संसाधनों से यह कार्य किया था। जिसके लिए उन्हें दो बार सम्मानित भी किया जा चुका है।

गांव में मास्क लगाने को लेकर लोग जागरूक नहीं थे। उन्हें खरीदने से बच रहे थे। जिले में संक्रमण बढ़ रहा था। ऐसे में पूजा ने लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें मास्क वितरित करने का काम शुरू किया। इतने रुपये नहीं थे कि सभी को मास्क खरीदकर दे सकतीं। इसलिए उन्होंने स्वयं मास्क तैयार करने का निर्णय लिया। विभागीय कार्य व घरेलू जिम्मेदारियों से निवृत्त होकर उन्हें जो समय मिलता उसमें सिलाई मशीन से मास्क तैयार करतीं। फिर अगले दिन सुबह उन्हें लोगों के घर जाकर वितरित कर आतीं। पति भारत सिंह ने कपड़ा व अन्य जरूरी सामान लाकर उन्हें दिया ताकि पर्याप्त मास्क बन सकें। पूजा की मेहनत रंग लाई। उनके कार्य को देख गांव के लोग भी गंभीर हुए। मास्क के साथ कोविड की गाइडलाइन का पालन शुरू किया। यही कारण था कि 1035 आबादी वाले इस गांव में पूरे साल में हुईं जांचों के दौरान मात्र एक संक्रमित ही मिला।

फिर से शुरू किया काम

इस बार फिर से पूजा ने मास्क बनाना शुरू कर दिया है। गत वर्ष पूजा ने करीब 1200 मास्क बनाकर बांटे थे। इस बार अभी से एक हजार से अधिक मास्क बनाने के लिए कपड़ा व अन्य जरूरी सामान मंगवा लिया है। हर दिन अपनी बेटी उन्नति की मदद 15 से 20 मास्क तैयार कर रही हैं।

ईंट भट्ठों पर भी बांट रही मास्क

ईंट भट्टों पर जो दूसरे राज्य या जिले के लोग मजदूरी कर रहे हैं। उन्हें भी मास्क वितरित करने के साथ कोरोना से बचाव के लिए जागरूक कर रही हैं। टीकाकरण के लिए भी लोगों को स्वास्थ्य केंद्र भेज रही हैं।

दो बार मिला सम्मान

पूजा के प्रयास को डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने भी सराहा है। उन्होंने पूजा को 25 अक्टूबर को विकास भवन व महिला दिवस पर गांधी भवन में सम्मानित किया। पूजा गांव में बच्चों को लैपटॉप की मदद से निश्शुल्क पढ़ाती भी हैं।

गोद ली बेटी

पूजा के दो बेटे अमित व सुजल है। लेकिन उसके बाद भी उन्होंने एक बेटी को गोद लिया है। जो अब दस साल की हो चुकी है। इसके लिए भी उन्हें तत्कालीन डीएम अमृत त्रिपाठी व मौजूदा डीएम इंद्र विक्रम सिंह सम्मानित कर चुके है।

chat bot
आपका साथी