व्यवस्था चाकचौबंद, सुबह सात बजे से मतदान

जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में गुरुवार को 1283 मतदान केंद्रों के 2760 बूथों पर 2447522 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पांच विधानसभा क्षेत्रों सहारनपुर सहारनपुर देहात बेहट देवबंद रामपुर मनिहारान व कैराना लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत नकुड़ व गंगोह विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच होगा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 10 Apr 2019 11:03 PM (IST) Updated:Thu, 11 Apr 2019 06:23 AM (IST)
व्यवस्था चाकचौबंद, सुबह सात बजे से मतदान
व्यवस्था चाकचौबंद, सुबह सात बजे से मतदान

जागरण संवाददाता, सहारनपुर: 17वीं लोकसभा के लिए प्रथम चरण में होने वाले मतदान के लिए मैदान सज गया है। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में गुरुवार को 1283 मतदान केंद्रों के 2760 बूथों पर 24,47,522 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पांच विधानसभा क्षेत्रों सहारनपुर, सहारनपुर देहात, बेहट, देवबंद, रामपुर मनिहारान व कैराना लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत नकुड़ व गंगोह विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच होगा।

मतदान कराने के लिए बुधवार शाम तक पोलिग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गई। इस दौरान जनता रोड पर भारी भीड़ रही। वाहन दूर खड़े करने के कारण चुनाव डयूटी में लगे कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

---

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक

बुधवार को जनता रोड पर सेंट्रल वेयर हाउस से पोलिग पार्टियों को रवाना किया गया। इसके चलते आसपास वाहनों की भारी भीड़ रही। पोलिग पार्टियां भेजने के लिए सुबह-सुबह अफरा-तफरी रही। सुबह सात बजे घरों से आए पीठासीन अधिकारी व अन्य कार्मिक ड्यूटी लेने के लिए इधर से उधर और लाइन में लगे रहे। 12 बजे तक सभी को ड्यूटी मिल गई और सामान वितरण कर दिया गया। सेक्टर मजिस्ट्रेट बूथों की पोलिग पार्टी में अनुपस्थित पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी के बारे में जानकारी देने और उनके स्थान पर रिजर्व स्टाफ दिलाने में लगे रहे। दो बजे तक सभी पार्टियां निकल चुकी थीं। एक पोलिग पार्टी में पीठासीन अधिकारी सहित प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी हैं। रिजर्व पोलिग पार्टी सहित चुनाव में मतदान के लिए 11040 कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है।

-22 जोन 213 सेक्टर बनाए

निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव के लिए प्रशासन ने सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र व कैराना आंशिक लोकसभा क्षेत्र को 22 जोन व 213 सेक्टरों में बांटा है। सभी मतदान केंद्र वीडियो कैमरों की नजर में रहेंगे। जोनल व सेक्टर अधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारी व सेक्टर पुलिस अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र में 243 क्रिटिकल मतदान केंद्र व 460 क्रिटिकल मतदेय स्थल हैं।

-़वोट डालने के विकल्प

मतदान करने के लिए कई विकल्प दिये गए हैं। इनमें पासपोर्ट, ड्राईविग लाइसेंस, राज्य/केंद्र सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किये जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक व डाकघर द्वारा जारी किये गए फोटो युक्त पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, आरजीआई एव एनपीआर द्वारा जारी किये गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंर्तगत स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज आदि का प्रयोग किया जाएगा।

-मतदान केंद्र पर सहायता केंद्र

मतदान केंद्र पर एक मतदाता सहायता केंद्र भी बनाया जाएगा। इस पर बीएलओ मतदाता की सहायता करेंगे। यदि किसी को मतदाता पर्ची या आईडी नहीं मिली और वह बीएलओ के पास है तो वह उसे दे देगा। इस केंद्र तक आने के लिए कोई किसी को नहीं रोकेगा। शर्त यह होगी की उसके पास पहचान संबंधी कोई न कोई विकल्प हो।

chat bot
आपका साथी