भीषण कोहरे की मार से थम गया जनजीवन

गत रात्रि दस बजे के बाद से कोहरे की मोटी चादर जो फैलना शुरू हुई उसने पूरे जिले को अपने आगोश में ले लिया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Jan 2020 11:17 PM (IST) Updated:Wed, 22 Jan 2020 11:17 PM (IST)
भीषण कोहरे की मार से थम गया जनजीवन
भीषण कोहरे की मार से थम गया जनजीवन

सहारनपुर जेएनएन। जिले में सर्दी कोहरा, पाला व शीतलहर की भीषण मार निरंतर जारी है। गत रात्रि में इस मौसम में सबसे अधिक कोहरे की मार रही। दस कदम दूर का भी दिखाई नहीं दे रहा था। हाइवे से लेकर मुख्यमार्ग तक पूरी तरह से खाली रहे। ठंड से लोगों का जीना मुहाल हो रहा था। सर्दी कोहरे की मार के बीच जनजीवन थमकर रह गया था।

गत रात्रि दस बजे के बाद से कोहरे की मोटी चादर जो फैलना शुरू हुई उसने पूरे जिले को अपने आगोश में ले लिया। हालात यह थे कि सड़कों के किनारे ऊंचे भवन तो दूर पैदल मार्ग तक दिखाई नहीं दे रहा था। उसपर टपकती पाला नुमा ओस की बूंदे लोगों को भिगों रही थी। कोहरे की भीषण मार के बाद बुधवार सुबह भी घने कोहरे व ठंड से हुई। सर्द हवाओं के चलने पर दोपहर 11 बजे के बाद कोहरा छंटा तथा कई दिन बाद सूर्यदेव के दर्शन के साथ ही धूप चमकी। बाद में धूप ने थोड़ी तेजी दिखाई तो सर्दी से कुछ राहत लेकिन ठिठुरन व गलन बरकरार रही। उधर तापमान में अभी भी उतार चढ़ाव जारी है। बुधवार को तापमान अधिकतम 16 डिग्री तथा न्यूनतम 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वेधशाला प्रभारी उमेश कुमार अगले 24 घंटे के दौरान कोहरा, बादल व ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना जता रहे है । उधर मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही का कहना है कि पहाड़ी पर हुई बर्फबारी का असर हवाओं के साथ मैदानी इलाकों में आने से शीतलहर का प्रकोप धूप खिलने पर भी बना रहेगा। शीतलहर अभी 24 घंटे जारी रहेगी तथा मौसम साफ रहेगा। 24 जनवरी को नया विछोभ आयेगा जिसके कमजोर रहने के आसार है तथा 26 जनवरी तक मौसम की उठापटक बनी रहेगी।

थम गया सड़क यातायात

मंगलवार की रात्रि कोहरे की भीषण मार का सबस अधिक असर सड़क यातायात पर पड़ा था। हाइवे से लेकर मुख्य मार्गों तक पर यातायात तकरीबन पूरी तरह से थम गया था। वाहन चालक भी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर वाहनों को सड़क किनारे लगाकर कोहरे की भीषणता कम होने का इंतजार करते नजर आए। सुबह 8 बजे के बाद कोहरे में कमी आने पर वाहन हैडलाइट जलाकर रेंगते हुए निकल रहे थे। उधर रेल यातायात पहले से ही प्रभावित चल रहा है तथा 24 एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त है। कोहरे के कारण संचालित ट्रेने भी डेढ़ से तीन घटें देरी से पहुंचने से यात्री परेशान रहे।

स्कूलों में ठिठुरते पहुंचे बच्चे

कोहरे व सर्दी की भीषण मार का असर छोटे बच्चों पर अधिक पड़ रहा है। बुधवार को कोहरे व सर्दी के बीच बच्चे स्कूलों में ठिठुरते हुए पहुंचे थे तथा उनकी संख्या भी कम दर्ज की गई। यही सरकारी कार्यालय खुले जरूर लेकिन अधिकारी व कर्मचारी देरी से पहुंचे तथा धूप निकलने बाद सर्दी से बचाव करने को धूप सेंकते नजर आ रहे थे। विभागों में कार्य भी देरी से शुरू हुआ तथा फरियादियों की संख्या आज भी कम दर्ज की गई।

बाजारों की बिगड़ी व्यवस्था

ठंड के मौसम में इसबार बाजारों की व्यवस्था भी बिगड़ गई है। तथा खुलने व बंद होने का समय निर्धारित नहीं रह गया है। बाजार लगातार देरी से खुल रहे है। शाम में ग्राहकों की कमी व सर्दी बढ़ने के कारण जल्दी बंद हो रहे है।

chat bot
आपका साथी