सहारनपुर: खतौली की राह ने खड़ा किया 'धर्मसंकट', धर्म सिंह सैनी की भाजपा में वापसी मजबूत पैरोकारी पर टिकी

Dharam Singh Saini भाजपा की प्रदेश इकाई ने डा. धर्म सिंह सैनी की ज्वाइनिंग को लेकर रुख साफ नहीं किया है। पार्टी अभी अपने पत्ते खोल नहीं रही है विपक्षी हमलावर हैं और डा. धर्म सिंह सैनी सपा के लिए भी बेगाने हो चुके हैं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Wed, 30 Nov 2022 09:45 PM (IST) Updated:Wed, 30 Nov 2022 09:45 PM (IST)
सहारनपुर: खतौली की राह ने खड़ा किया 'धर्मसंकट', धर्म सिंह सैनी की भाजपा में वापसी मजबूत पैरोकारी पर टिकी
धर्म सिंह सैनी की भाजपा में वापसी मजबूत पैरोकारी पर निर्भर

सहारनपुर, अश्विनी त्रिपाठी। खतौली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर भाजपा में शामिल होने के लिए निकले पूर्व मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी अब बड़े 'धर्मसंकट' में आ गए हैं। भाजपा की एक इकाई ने उन्हें भगवा पटका पहनाने की रणनीति बना ली तो दूसरे खेमे ने अडंगा लगा दिया। माना जा रहा है कि भाजपा के स्‍थानीय चेहरों ने डा. सैनी को सियासी लंगड़ी मारी है। 

भगवा खेमे को लेकर की थी तल्ख बयानी 

भाजपा की प्रदेश इकाई ने डा. सैनी की ज्वाइनिंग को लेकर रुख साफ नहीं किया है। उनकी भाजपा में वापसी की पैरोकारी मजबूत चेहरे ने की लेकिन सहारनपुर के भाजपाइयों ने समीकरण में हलचल देख डा. सैनी की घेराबंदी कर दी। इसीलिए उन्हें खतौली के रास्ते में रोका गया और उनकी ज्वाइनिंग पर ब्रेक लग गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद डा. सैनी भाजपा छोड़ समाजवादी पार्टी में चले गए थे, साथ ही भगवा खेमे को लेकर तल्ख बयानी भी की। लेकिन उनका मन सपा में लगा नहीं।

घर वापसी की सुगबुगाहट मंगलवार को हुई थी तेज 

डा. सैनी की घर वापसी की सुगबुगाहट मंगलवार को तेज हुई, और बुधवार सुबह तक उनके विरोधियों ने पूरा चक्रव्यूह रच दिया। बताया जा रहा है कि एक बड़े चेहरे ने डा. सैनी की ज्वाइनिंग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष एवं सीएम योगी तक से शिकायत की जिसका असर भी दिखा। हालांकि आने वाले दिनों में उनकी ज्वाइनिंग की राह के रोड़े हट सकते हैं। 

आंकड़े लेकर हुई आधी रात चर्चा 

जिले में भाजपा के एक कदावर नेता ने तो बाकायदा आंकड़ों के साथ संगठन स्तर पर इस फैसले को लेकर गहन चर्चा की। देर रात तक डा. धर्म सिंह सैनी के आने से भाजपा को होने वाले नफा-नुकसान पर मंथन किया गया। 2017 में बसपा से धर्म सिंह की भाजपा में एंट्री से पार्टी को हुए लाभ तथा 2022 में भाजपा छोड़कर सपा में जाने के बाद हुए नुकसान का विश्लेषण आधी रात तक किया जाता रहा। इसके बाद ही ज्वाइनिंग को फिलहाल रोका गया। 

अब लखनऊ वालों पर निर्भर 

डा. धर्म सिंह सैनी की वापसी की पृष्ठभूमि लखनऊ के एक बड़े नेता ने तैयार की थी, लेकिन ऐन वक्त पर भाजपा लॉबी के दबाव में संगठन ने धर्म सिंह सैनी की ज्वाइनिंग को वेटिंग में डाल दिया। अब धर्म सिंह सैनी की ज्वाइनिंग इन्हीं नेताजी की सशक्त पैरोकारी पर निर्भर है। 

यह भी पढ़ें: सपा की साइकिल से उतर भगवा पटका पहनने खतौली जा रहे थे पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी, बीच रास्ते से लौटाए गए

सैनी की राजनीति के लिए मुश्किल दौर 

भाजपा में ज्वाइनिंग होने तक डा. धर्म सिंह सैनी की राजनीति के लिए यह वक्त बेहद मुश्किल है। भाजपा अभी अपने पत्ते खोल नहीं रही है, विपक्षी हमलावर हैं और डा. धर्म सिंह सैनी सपा के लिए भी बेगाने हो चुके हैं, ऐसे में यह दौर बेहद अनिश्चितता भरा है। 

chat bot
आपका साथी