Move to Jagran APP

सपा की साइकिल से उतर भगवा पटका पहनने खतौली जा रहे थे पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी, बीच रास्ते से लौटाए गए

Dharam Singh Saini पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी खतौली में सीएम योगी की जनसभा में भाजपा में शामिल होने के लिए अपने काफिले के साथ सहारनपुर से निकल चुके थे। उनकी खतौली में सीएम के मंच पर ज्वाइनिंग की चर्चा थी लेकिन उनका काफिला बीच में रोक दिया गया।

By Jagran NewsEdited By: Parveen VashishtaPublished: Wed, 30 Nov 2022 08:59 PM (IST)Updated: Wed, 30 Nov 2022 08:59 PM (IST)
सपा की साइकिल से उतर भगवा पटका पहनने खतौली जा रहे थे पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी, बीच रास्ते से लौटाए गए
सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते डा. धर्म सिंह सैनी।

सहारनपुर, जागरण संवाददाता। सपा की साइकिल से उतरकर फिर भगवा पटका पहनने खतौली जा रहे पूर्व मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी की राजनीति दोराहे पर अटक गई। भाजपा प्रदेश इकाई ने ज्वाइनिंग को हरी झंडी नहीं दी और उन्हें काफिला सहारनपुर तथा मुजफ्फरनगर के बीच रोकना पड़ा। बीच राह से लौटने वाले राजनीतिक घटनाक्रम की प्रदेशभर में चर्चा हो रही है। 

loksabha election banner

सीएम के मंच पर थी ज्वाइनिंग की चर्चा

डा. धर्म सिंह सैनी का पश्चिम उप्र में राजनीतिक वजूद रहा है, लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव से उनके सितारे बुझे-बुझे नजर आ रहे हैं। डा. सैनी की खतौली में सीएम योगी के मंच पर ज्वाइनिंग की चर्चा थी, लेकिन बुधवार को उनका काफिला बीच में रोक दिया गया। आयुष कालेजों में बगैर नीट परीक्षा उत्तीर्ण किए 891 छात्र-छात्राओं को प्रवेश देने के मामले में डा. धर्म सिंह सैनी का नाम चर्चा में आने के बाद से कयास था कि वो फिर से भाजपा की शरण में जाएंगे। 29 नवंबर की रात इस पर मुहर लगी। 

प्रदेश भाजपा इकाई का नहीं जीत पाए पूरा भरोसा 

धर्म सिंह सैनी ने वाहनों का काफिला तो सजा लिया लेकिन प्रदेश भाजपा इकाई का पूरा भरोसा नहीं जीत पाए। बताया जा रहा है कि वो सहारनपुर तथा मुजफ्फरनगर की सीमा पर पहुंचे ही थे कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का फोन आ गया। सैनी को वहीं रुकने के लिए कहा गया। करीब 25 मिनट तक काफिला असमंजस की स्थिति में खड़ा रहा। बाद में प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा में फोन कर धर्म सिंह सैनी की ज्वाइनिंग रोक दी। 

वापसी की खबर आते ही सहारनपुर भाजपा का तापमान बढ़ा

डा.धर्म सिंह सैनी की भाजपा में वापसी की खबर आते ही सहारनपुर भाजपा का तापमान बढ़ा हुआ था। भाजपा के कई नेता, जिनके समीकरण डा. सैनी के आने से प्रभावित हो रहे थे, वह इसका विरोध कर रहे थे। वहीं, विधानसभा चुनाव के दौरान हुई बयानबाजी को लेकर अन्य नेता भी नाराज थे। सुबह से ही भाजपा नेतृत्व पर इस फैसले को लेकर पुनर्विचार करने के लिए दबाव डाला जा रहा था। इस पर भाजपा नेतृत्व चिंतन और मंथन की स्थिति में था, अंतत: भाजपा की लॉबी कामयाब रही और धर्म सिंह की खतौली में ज्वाइनिंग रोक दी।  

धर्म सिंह सैनी बोले, मेरठ में होगी ज्वाइनिंग

डा. धर्म सिंह सैनी ने कहा कि उनकी ज्वाइनिंग दो दिन बाद मेरठ में होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से बात हई है, उनके निर्देशों के अनुसार ही पार्टी की सदस्यता ग्रहण की जाएगी। 

संगठन करेगा विचार: बेनीवाल 

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि धर्म सिंह सैनी ने भाजपा परिवार में आने की इच्छा जाहिर की है, इस पर संगठन विचार करेगा, जो भी निर्णय होगा उससे धर्म सिंह सैनी को अवगत करा दिया जाएगा। 

इन्होंने कहा....

भाजपा अनुशासन, संयम और तप की पार्टी है। यहां स्वार्थ की भावना से आने वालों का स्वागत नहीं होगा। अतीत में कहे गए बोल भी आपका पीछा करते हैं। 

कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.