भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को पुलिस ने हिरासत में लिया, छोड़ा

देवबंद (सहारनपुर) भीम आर्मी के तत्वावधान में सहारनपुर से दिल्ली के लिए निकली बहुजन सुरक्षा अ

By JagranEdited By: Publish:Tue, 12 Mar 2019 10:01 PM (IST) Updated:Tue, 12 Mar 2019 10:01 PM (IST)
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को पुलिस ने हिरासत में लिया, छोड़ा
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को पुलिस ने हिरासत में लिया, छोड़ा

देवबंद (सहारनपुर) : भीम आर्मी के तत्वावधान में सहारनपुर से दिल्ली के लिए निकली बहुजन सुरक्षा अधिकार यात्रा का नेतृत्व कर रहे भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को मंगलवार को देवबंद में पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में ले लिया। इस पर सर्मथकों ने हाईवे पर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साई भीड़ की अधिकारियों से जमकर नोकझोंक हुई। उसी दौरान अचानक तबीयत बिगड़ जाने पर पुलिस ने चंद्रशेखर को छोड़ दिया। इसके बाद चंद्रशेखर को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंद्रशेखर व जिलाध्यक्ष कमल वालिया पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सहारनपुर के संत रविदास छात्रावास से आरंभ हुई बहुजन सुरक्षा अधिकार यात्रा सोमवार शाम देवबंद पहुंची थी। रात्रि प्रवास के बाद मंगलवार दोपहर जब यात्रा ने हाईवे से आगे के लिए कूच करना चाहा तो एसडीएम राकेश कुमार, सीओ अजय शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और यात्रा की अनुमति न होने की बात कहते हुए चंद्रशेखर को हिरासत में ले लिया। उधर, सैकड़ों समर्थकों ने विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। पुरुष व महिलाएं पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गए। चंद्रशेखर को मौके पर ही रिहा करने की जिद पर अड़ गए। गुस्साई भीड़ पुलिस के ट्रक पर ही चढ़ गई और नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने सीओ की गाड़ी का घेराव भी किया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख मौके पर नागल, बड़गांव और नानौता समेत कई थानों का पुलिस बल बुला लिया गया। हंगामे के बीच अचानक चंद्रशेखर की तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए। इस पर अधिकारियों ने चंद्रशेखर को रिहा कर दिया। बाद में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया समेत अन्य पदाधिकारी चंद्रशेखर को मेरठ के अस्पताल ले गए।

एक माह पूर्व मांगी गई थी अनुमति

भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रत्न ने कहा कि यात्रा के लिए प्रशासन से एक माह पूर्व अनुमति मांगी गई थी। खुफिया विभाग ने भी संस्तुति कर दी थी, लेकिन इसके बाद भी पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने यात्रा को रोक दिया। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया, विधान सभा अध्यक्ष दीपक बौद्ध, राष्ट्रीय सचिव मंजीत ने भी यात्रा रोके जाने को प्रशासन की ज्यादती बताया।

देर तक जमा रही भीड़

भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को संगठन के नेताओं द्वारा उपचार के लिए मेरठ ले जाने के बाद भी काफी समय तक कार्यकर्ता हाइवे पर डटे रहे। मौके पर पुलिस को देख कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। बाद में सीओ ने उन्हें शांत कराया।

पुलिस सुरक्षा में निकाला बाहर

पुलिस गाड़ी में बैठे भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर की तबीयत खराब होने के बाद जहां अधिकारियों की सांस फूल गई, वहीं मौके पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भीड़ को हटाते हुए बमुश्किल भीम आर्मी प्रमुख को एंबुलेंस के जरिए सहारनपुर मुजफ्फरनगर बार्डर तक सुरक्षा देते हुए जनपद की सीमा से बाहर निकाला।

पीएम व सीएम के खिलाफ नारेबाजी

मंगलवार को देवबंद के कासिमपुरा गांव में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को हिरासत में ले लिए जाने से नाराज भीम आर्मी सर्मथकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस अधिकारी मामले को नियंत्रित करने में लगे रहे। सीओ अजय शर्मा ने बताया कि नारेबाजी की वीडियो क्लिप देखी जा रही है। दोषी लोगों पर कार्रवाई होगी।

मोदी के सामने चुनाव लड़ने का किया था एलान

चंद्रशेखर ने सोमवार शाम देवबंद में ही एलान किया था कि यदि गठबंधन उन्हें वाराणसी से टिकट दे तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने चुनाव लड़ेंगे। इस बाबत उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से इच्छा जाहिर की है। इन्होंने कहा..

चंद्रशेखर व उनके समर्थक बाइक रैली निकालकर मुजफ्फरनगर जाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस -प्रशासन द्वारा उन्हें निर्वाचन आयोग के आदेशों से अवगत कराते हुए बिना अनुमति यात्रा न निकाले जाने को कहा गया। इसके बावजूद यात्रा निकालने का प्रयास किया गया। कहा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लघंन करने के मामले में कार्रवाई की जाएगी।

- दिनेश कुमार पी, एसएसपी सहारनपुर।

chat bot
आपका साथी