दाउदपुर केवटली बाजार में डकैती, महिला से बर्बरता

आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के दाउदपुर केवटली बाजार में शटर तोड़कर घर के अंदर घुस गए।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 21 Dec 2019 11:08 PM (IST) Updated:Sat, 21 Dec 2019 11:08 PM (IST)
दाउदपुर केवटली बाजार में डकैती, महिला से बर्बरता
दाउदपुर केवटली बाजार में डकैती, महिला से बर्बरता

संसू, ढकवा बाजार : बेखौफ आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने शुक्रवार की देर रात आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के दाउदपुर केवटली बाजार में शटर तोड़कर घर के अंदर घुस गए। वहां सो रही महिला की बर्बता से पिटाई की और उसे एक कमरे में बंद कर नकदी के साथ लाखों रुपये के जेवरात लूट ले गए। इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिलने पर शोर मचा और बाद में मौके पर पुलिस पहुंची।

पट्टी कोतवाली क्षेत्र के धरौली निवासी दूधनाथ सिंह पुत्री सुशीला सिंह अपने बीमार पिता के साथ आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के दाऊदपुर बाजार में धरौली निवासी शीतला प्रसाद यादव के मकान में किराये पर रहती है। उसके पिता को लकवा की बीमारी है, जिससे वे चल नहीं सकते। घर से कुछ दूरी पर एक कमरे में उसने छोटी सी परचून की दूकान भी खोल रखी है। वहीं शुक्रवार की रात लगभग ढाई बजे जब पूरी तरह सन्नाटा पसरा था, उसी समय पिकअप पर सवार लगभग आधा दर्जन बदमाशों ने सुशीला सिंह के घर के शटर में लगा ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। सभी तमंचे से लैस थे। बदमाशों ने पहले सो रही सुशीला को जगाया और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद बदमाशों ने उसके जेवरात व घर में रखे जेवर के साथ दूकान पर रखा दस हजार रुपये छीन लिया। सुशीला को बगल के कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद अन्य कमरों की भी तलाशी शुरू कर दी। इसी बीच महिला बंद दरवाजो को खोलने में सफल हो गई और घर से भाग कर बाहर निकली। उसने मोबाइल से पुलिस को घटना की सूचना देना चाही तभी बदमाश उसके पास आ धमके। उसका मोबाइल छीन लिया और भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर पड़ोसी एकत्र हो गए। एक पड़ोसी के मोबाइल से आसपुर देवसरा पुलिस को घटना की सूचना दी। इसी के कुछ देर बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई और पीड़िता से घटना के बाबत पूछताछ की और अब पुलिस का दावा है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। हालांकि अभी तक बदमाश का कुछ भी पता नहीं चल पाया है। महिला ने देवसरा पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सशस्त्र बदमाशों ने उसके दस हजार नकद, लाखों रुपए के गहने व कीमती सामान उठा ले गए। थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा विपिन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना के बाद मैं मौके पर गया था। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी