Rampur Loksabha By-Election Result: आजम के गढ़ में आज होगा राजा की किस्मत का फैसला

रामपुर आजम खां का मजबूत गढ़ माना जाता है। इस शहर से 10 बार विधायक बन चुके हैं। साल 2019 में पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़े और सांसद बन गए लेकिन लोकसभा की सदस्यता उन्हें रास नहीं आई। उनके खिलाफ बड़े पैमाने पर मुकदमे दर्ज हुए।

By Vivek BajpaiEdited By: Publish:Sun, 26 Jun 2022 06:05 AM (IST) Updated:Sun, 26 Jun 2022 06:05 AM (IST)
Rampur Loksabha By-Election Result: आजम के गढ़ में आज होगा राजा की किस्मत का फैसला
रामपुर लोकसभा सीट से सपा प्रत्‍याशी आसिम राजा ओर वरिष्‍ठ सपा नेता आजम खां।

रामपुर, जागरण संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां के गढ़ में उनके करीबी आसिम राजा की किस्मत का फैसला आज हो जाएगा। वह चुनाव जीत पाते हैं या नहीं, यह दोपहर तक सामने आ जाएगा। रामपुर आजम खां का मजबूत गढ़ माना जाता है। इस शहर से 10 बार विधायक बन चुके हैं। साल 2019 में पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़े और सांसद बन गए, लेकिन लोकसभा की सदस्यता उन्हें रास नहीं आई। उनके खिलाफ बड़े पैमाने पर मुकदमे दर्ज हुए। अब भी उनके खिलाफ 90 मुकदमे विचाराधीन हैं। सवा दो साल बाद जेल से आए हैं‌। सीतापुर जेल में रहते हुए विधानसभा का चुनाव लड़े और जीत गए। इसके बाद सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया‌। इसी कारण यहां उपचुनाव हुआ। इस चुनाव में उन्होंने अपने करीबी सपा के नगर अध्यक्ष आसिम राजा को प्रत्याशी बनाया है। उन्हें चुनाव जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई। तबीयत खराब होते हुए भी लगातार जनसभाएं कीं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तो वह जिले में हेलीकॉप्टर से घूमे और कई जगह जनसभाओं को संबोधित किया। उनके बेटे अब्दुल्ला आजम भी जिलेभर में रोड शो करते रहे।

राजा को टक्कर दे रहे घनश्याम: भाजपा से घनश्याम सिंह लोधी प्रत्याशी हैं। पहले वह भी आजम खां के करीबी थे। उनके सहयोग से ही दो बार विधान परिषद सदस्य चुने गए। आजम खां ने एक बार तो उनका टिकट भी हेलीकाप्टर से मंगवा कर दिया था। लेकिन, इस साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हो गए थे। अब भाजपा के टिकट पर लोकसभा उपचुनाव लड़े। भाजपा ने उन्हें चुनाव जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई। तमाम नेता रामपुर आए। दर्जनभर मंत्री भी कई दिन रामपुर में चुनाव प्रचार करते रहे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रामपुर में जनसभाओं को संबोधित किया।

प्रत्याशियों की धड़कन तेज: लोकसभा उपचुनाव के लिए 23 जून को जिले भर में मतदान हुआ, लेकिन इस बार मतदान का प्रतिशत बहुत कम है। मात्र 41.71 प्रतिशत वोट ही पड़ सकें। इस कारण प्रत्याशियों की धड़कन तेज है। भाजपा और सपा में कांटे की टक्कर है। हालांकि चुनाव में छह प्रत्याशी हैं। इस बार कांग्रेस और बसपा चुनाव मैदान से बाहर हैं। इन दोनों की पार्टी ने अपने प्रत्याशी खड़े नहीं किए। मतगणना आज सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी और दोपहर एक बजे तक नतीजे सामने आ जाएंगे।

chat bot
आपका साथी