दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बिछाया जाल, श्मशानघाट के आसपास ही छिपे हैं कातिल Moradabad News

पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए दे रही ताबड़तोड़ दबिश। एसपी देहात के नेतृत्व में लगाई गईं तीन टीमें। पुलिस कर रही जल्द पर्दाफाश का दावा।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Tue, 29 Oct 2019 10:15 PM (IST) Updated:Wed, 30 Oct 2019 01:40 PM (IST)
दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बिछाया जाल, श्मशानघाट के आसपास ही छिपे हैं कातिल Moradabad News
दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बिछाया जाल, श्मशानघाट के आसपास ही छिपे हैं कातिल Moradabad News

मुरादाबाद, जेएनएन। ठाकुरद्वारा में  श्मशानघाट में बाबा और शिष्य के कातिल 500 मीटर के दायरे में ही हैं। पुलिस कातिलों के नजदीक पहुंच गई है लेकिन गिरफ्तार नहीं कर पाई है। गिरफ्तारी को जहां अधिकारी खुद नगर में डेरा डाले हैं, वहीं तीन टीमों को भी लगाया गया है।

नगर में दीपावली की रात श्मशान घाट में डबल मर्डर की गुत्थी को पुलिस लगभग सुलझा चुकी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस जब तक हत्या की तह तक पहुंची तब तक हत्यारे फरार हो चुके थे। पुलिस का मानना है कि हत्यारों का ताल्लुक 500 मीटर के दायरे में सिमटा ह। फिलहाल पुलिस ने श्मशान घाट के आसपास की कालोनियों की निगरानी बढ़ा दी है। इसके साथ ही संदिग्ध नंबरों को सर्विलांस पर लगाने के साथ एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। हत्यारे स्थान बदल रहे हैं। पुलिस उनके परिजनों की निगरानी के साथ खामोशी से हर एक्टिविटी पर नजर रख रही है। डबल मर्डर की मिस्ट्री सुलझाने के साथ ही पर्दाफाश के लिए मंगलवार को एसपी ग्रामीण उदय शंकर सिंह सुबह से नगर में जमे रहे। पुलिस क्षेत्राधिकारी विशाल यादव के नेतृत्व में टीमों को निर्देश देते रहे। पुलिस टीमें यूपी और उत्तराखंड के साथ ही दूसरे सूबों में भी हत्यारों की तलाश कर रहीं है।

इस बीच उन्होंने दोबारा घटनास्थल का निरीक्षण भी किया और सिविल ड्रेस में स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। एसपी देहात के अनुसार पुलिस हत्यारोपित के नजदीक पहुंच चुकी है। उन्होंने शीघ्र गिरफ्तारी के बाद घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। 

पुलिस निगरानी में पुजारी और शिष्य का अंतिम संस्कार

नगर के होलिका श्मशान घाट के पुजारी और शिष्य के शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को घर पहुंचे। जहां पर पुलिस की निगरानी में दोनों शवों का अंतिम संस्कार कराया गया।

कोतवाल केपी सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद बाबा राजेंद्र गिरि का शव उसके भाई नंदू गिरि को सौंप दिया गया। नंदू गिरी ने स्थानीय लोगों के सहयोग से होली का मंदिर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया जहां वह रहता था और उसका शव मिला था। नितेश कुमार का शव परिजन कालाझंडा ले गए। ऊसके शव को देखकर मां उर्मिला समेत परिवार के सदस्य रोने लगे। वहीं बाबा राजेंद्र गिरि के भाई नंदू गिरी के सिवा कोई रोने वाला नजर नहीं आया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों के शवों का स्थानीय श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाल केपी सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। उनके परिजनों ने धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार किया है।

दीपावली की रात श्मशान घाट चला जाता था नितेश

बाबा राजेंद्र गिरि के साथ हत्या के शिकार नितेश कुमार की तंत्रमंत्र में दिलचस्पी थी। वह हर वर्ष दीपावली की रात गांव के श्मशान घाट में जाता था। अब की पहली बार नगर के शमशान घाट आया था।

कोतवाली के ग्राम कालाझंडा निवासी खेम सिंह के पुत्र नितेश कुमार में बचपन से ही पूजा-पाठ के साथ तंत्र मंत्र में दिलचस्पी थी। मंगलवार को ग्रामीण भी दिनचर्या पर चर्चा करते नजर आए। उन्होंने बताया कि नितेश बाबाओं के संपर्क में रहता था। अनबन के कारण पत्नी भी करीब 11 साल पूर्व छोड़ कर चली गई थी। अभी भी न्यायालय में इसका वाद चल रहा है।

वह पहले गांव के श्मशान घाट पर बाबा के संपर्क में था लेकिन पिछले कुछ दिनों से होली का श्मशान घाट के बाबा के संपर्क में आ गया। उसकी मां ने बताया कि पिछले वर्षों में भी दीपावली की रात वह अकेला ही श्मशान चला जाता था। अबकी बार उसने मां से भोजन लेकर नगर में होली का श्मशान घाट के बाबा राजेंद्र गिरि के पास जाने की बात कही थी। मां भी उसकी दिनचर्या के अनुसार खाना देकर मुतमईन हो गई थी सुबह को पुलिस से मर्डर की सूचना मिलने पर वह बेसुध हो गई।

हत्यारे ले गए नितेश की बाइक

दीपावली की रात नितेश कुमार डिस्कवर बाइक पर सवार होकर श्मशान घाट गया था। घटनास्थल पर उसका मोबाइल तो मिल गया लेकिन बाइक नहीं मिली। उसके भाई अंकेश कुमार के अनुसार नितेश दूसरे मकान में अपनी मां के साथ रहता था उसकी अपनी बाइक थी जो कि उसने बिजनौर से खरीदी थी। उसने बाइक गायब होने की सूचना पुलिस को दे दी है लेकिन अभी तक पुलिस बाइक के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाई है। पुलिस के अनुसार उसकी बाइक के नंबर को आसपास के थानों पर मैसेज कर दिया गया है जिसकी तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी