Diwali 2020 : घर-घर हुआ लक्ष्मी पूजन, सुख समृद्धि के लिए हुई प्रार्थना

Diwali 2020 दीपावली पर्व पर शहर से लेकर देहात तक उल्लास छाया रहा। एक दिन पहले शनिवार को मुरादाबाद में प्रदूषण का स्तर बेहद कम हो गया था लेकिन जिस तरीके से पटाखे छुड़ाए गए हैं वह शहर की आबोहवा के लिए फिर खतरा बन गए हैं।

By Narendra KumarEdited By: Publish:Sun, 15 Nov 2020 06:59 AM (IST) Updated:Sun, 15 Nov 2020 06:59 AM (IST)
Diwali 2020 : घर-घर हुआ लक्ष्मी पूजन, सुख समृद्धि के लिए हुई प्रार्थना
मुरादाबाद में दीपावली पर्व पर दीप जलाती महिला।

मुरादाबाद। शनिवार को दीपावली का उल्लास छाया रहा। मुहूर्त के अनुसार शाम को घर में लक्ष्मी जी की पूजा हुई। मेवा, मिष्ठान, पान सुपारी से धन की देवी लक्ष्मी का आवाहन किया गया।

लक्ष्मी जी की पूजा से पहले प्रथम पूज्य भगवान गणेश की स्तुति की गई। परिवार में सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। तत्पश्चात घरों में दीपक जलाए गए। रंगोली से घर द्वार सज गए। दीपावली का प्रसाद ग्रहण करके एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। सुबह से ही घरों में दीपावली पर मां लक्ष्मी के आवाहन की तैयारियां शुरू हो गईं थीं। फूलों से सजाने का सिलसिला दिनभर चला फिर शाम को मुहूर्त के अनुसार 5:15 से पूजा का शुभारंभ हुआ। मंदिरों में भी दीप उत्सव मनाया गया। इंटरनेट मीडिया पर भी एक दूसरे को दीपावली की बधाई देने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।

रोक बेअसर, खूब छूटे पटाखे

शासन ने पटाखों पर रोक लगा रखी थी लेकिन यह रोक हवा-हवाई हो गई। रात नौ बजे के बाद आसमान में पिछले सालों की तरह पटाखों का नजारा देखने को मिला। मुरादाबाद में पटाखों की दुकान नहीं लगी लेकिन कारोबारियों ने चोरी छुपे पटाखे बेचे इस बात को शनिवार की रात छुड़ाए गए पटाखों ने सिद्ध कर दिया। सतरंगी पटाखों से आसमान रंगीन हो गया। पटाखों के छुड़ाए जाने से दीपावली पर प्रदूषण का स्तर बढ़ना तय है। एक दिन पहले शनिवार को मुरादाबाद में प्रदूषण का स्तर बेहद कम हो गया था लेकिन जिस तरीके से पटाखे छुड़ाए गए हैं वह शहर की आबोहवा के लिए फिर खतरा बन गए हैं।

chat bot
आपका साथी