24 साल बाद अब रिटायर होगा जंगीबेड़ा

मुरादाबाद। आग से जानमाल की सुरक्षा करने वाला अग्निशमन विभाग के 'ब्रह्मास्त्र' फोम टेंडर की शनिवार से

By Edited By: Publish:Sat, 25 Apr 2015 12:59 AM (IST) Updated:Sat, 25 Apr 2015 12:59 AM (IST)
24 साल बाद अब रिटायर होगा जंगीबेड़ा

मुरादाबाद। आग से जानमाल की सुरक्षा करने वाला अग्निशमन विभाग के 'ब्रह्मास्त्र' फोम टेंडर की शनिवार से सेवाएं समाप्त हो जाएंगी। पेट्रोलियम पदार्थों में हवा के साथ लगने वाली खतरनाक आग काबू करने में माहिर फोम टेंडर वाहन को नीलाम किए जाने का फैसला हो चुका है।

24 साल पहले सूबे के पांच शहरों को शासन ने फोम टेंडर वाहन आवंटित किए थे। जिनमें कानपुर, बरेली, लखनऊ, मथुरा के साथ मुरादाबाद भी शामिल था। मिट्टी का तेल, डीजल, पेट्रोल जैसे तरल पदार्थो में लगी भीषण आग बुझाने के लिए फोम टेंडर वाहन का प्रयोग अग्निशमन विभाग 'ब्रह्मास्त्र' की तरह करता था। अफसरों के मुताबिक सबसे खतरनाक आग तरल पदार्थो की होती है। हवा के साथ घुलकर ये तरल पदार्थ महज कुछ क्षणों में पूरे इलाके को राख के ढेर में तब्दील कर सकते हैं। लेकिन उन पदार्थो में लगी आग फोम टेंडर वाहन की शक्ति के प्रयोग होते ही बेकार हो जाती थी। इस वाहन में साढ़े चार हजार लीटर पानी स्टोर करने की क्षमता के साथ फोम एकत्र करने के लिए अगल से टंकी बनी हुई थी। 24 वर्ष पहले सरकार ने इसे करीब 11 लाख रुपये में खरीदा था। अब इसकी सेवाएं समाप्त होने के साथ ही दो लाख चालीस हजार रुपये से इसकी नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अग्निशमन विभाग के सबसे मजबूत अस्त्र की नीलामी होने से काफी मायूसी है। अफसरों की मानें तो उन्होंने नया फोम टेंडर वाहन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है। लेकिन अभी नया वाहन मिलने में लम्बा वक्त लग जाएगा।

--

बाक्स-1

वीआइपी सुरक्षा में होता था प्रयोग

शहर में राष्ट्रपति से लेकर मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए फोम टेंडर का प्रयोग होता था। अफसरों के मुताबिक इसकी बेहतर क्षमता को देखकर फोम टेंडर वाहन को वीआइपी सुरक्षा में लगाया जाता था। लेकिन इसकी नीलामी के बाद अब वीआइपी सेवाएं भी समाप्त हो जाएंगी।

वर्जन::::::::::

विभाग के विशेष फोम टेंडर वाहन की नीलामी शुक्रवार को की जाएगी। 24 साल तक इस वाहन की सेवाएं विभाग ने ली है। अब इसकी जगह नया फोम टेंडर वाहन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा गया है।

वीके सिंह,मुख्य अग्निशमन अधिकारी, मुरादाबाद

chat bot
आपका साथी