बुलंदशहर के खुर्जा में तमंचा बनाने की फैक्‍ट्री पकड़ी, दो आरोपित गिरफ्तार

Tamancha factory बुलंदशहर में पुलिस ने तमंचा बनाने वाली फैक्ट्री का राजफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने छह तमंचा और अवैध बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

By Prem Dutt BhattEdited By: Publish:Sun, 16 Jan 2022 03:15 PM (IST) Updated:Sun, 16 Jan 2022 03:15 PM (IST)
बुलंदशहर के खुर्जा में तमंचा बनाने की फैक्‍ट्री पकड़ी, दो आरोपित गिरफ्तार
बुलंदशहर में पुलिस ने तमंचा बनाने वाली फैक्‍ट्री पकड़ी है।

बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। Tamancha factory बुलंदशहर के खुर्जा में पुलिस ने तमंचा बनाने वाली एक फैक्ट्री का राजफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने छह तमंचा और अवैध बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह बने हुए तमंचे, 27 नाल लोहे की छोटी-बड़ी, 25 स्प्रिंग, छह बॉडी, 16 लोहे की पत्ती समेत अन्य शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।

ऐसे मिली पुलिस को सूचना

सीओ खुर्जा संग्राम सिंह ने बताया कि कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार सिंह, एसआई विजय प्रकाश और रामकुमार, पुलिसकर्मी जयवीर सिंह, श्याम चौधरी शनिवार रात क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि जंक्शन मार्ग पर वंदन मैरिज होम के पीछे खंडरनुमा अहाते में कुछ व्यक्ति अवैध हथियार बनाने का कार्य कर रहे हैं। जानकारी होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और उन्होंने घेराबंदी करके दो आरोपितों को पकड़ लिया।

पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपित

पुलिस ने मौके से छह बने हुए तमंचे, 27 नाल लोहे की छोटी-बड़ी, 25 स्प्रिंग, छह बॉडी, 16 लोहे की पत्ती समेत अन्य शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। पकड़े गए आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम योगेश उर्फ जिक्की निवासी मोहल्ला अहीरपाड़ा और मुस्ताक निवासी गांव बिचौला खुर्जा देहात बताया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपित गत वर्ष 2021 में भी अवैध शस्त्र बनाने के मामले में जेल जा चुके हैं। अब दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

झाड़ू लगा रही महिला को हाथ में मारी गोली

वहीं एक दूसरे मामले में खुर्जा में ही झाड़ू लगाते समय रंजिशन हाथ में गोली मारने का आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है। खुर्जा जंक्शन निवासी रश्मि देवी पत्नी रवि कुमार ने रविवार सुबह पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि सुबह करीब सात बजे वह घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति आ गया और उसने महिला की तरफ गोली चला दी। गोली उसके बाएं हाथ में जा लगी। महिला ने जमीन के विवाद में गोली मारने का आरोप लगाया है। उधर कोतवाली पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है। कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध है। प्रथम दृष्टया गोली लगने की भी पुष्टि नहीं हो रही है।

chat bot
आपका साथी