तैराकी की क्रॉसकंट्री महिला वर्ग में मेरठ का दबदबा

कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में मेरठ जोन की स्वीमिंग चैंपियनशिप बुधवार के बजाय गुरुवार को शुरू हुई। दूसरी बार कप्तान नितिन तिवारी ने उद्घाटन किया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Jun 2019 03:00 AM (IST) Updated:Fri, 21 Jun 2019 06:29 AM (IST)
तैराकी की क्रॉसकंट्री महिला वर्ग में मेरठ का दबदबा
तैराकी की क्रॉसकंट्री महिला वर्ग में मेरठ का दबदबा

मेरठ, जेएनएन : कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम में मेरठ जोन की स्वीमिंग चैंपियनशिप बुधवार के बजाय गुरुवार को शुरू हुई। दूसरी बार कप्तान नितिन तिवारी ने उद्घाटन किया। बुधवार को गंदा पानी होने की वजह से प्रतियोगिता शुरू नहीं हो सकी थी। पानी बदलने के बाद प्रतियोगिता में आठ जनपद की नौ टीमों ने प्रतिभाग किया।

तैराकी प्रतियोगिता में 50 मीटर फ्री स्टाइल में सहारनपुर के हेड कांस्टेबल सतीश कुमार प्रथम रहे। दूसरे स्थान पर मेरठ के हेड कांस्टेबल उदयवीर सिंह रहे। इसी तरह 100 मीटर फ्री स्टाइल में भी सहारनपुर के हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और दूसरे स्थान पर हापुड़ के कांस्टेबल सुधांशु रहे। 100 मीटर बटर फ्लाई में बुलंदशहर के हेड कांस्टेबल अरुण कुमार प्रथम और मेरठ के कांस्टेबल गिरीश त्यागी दूसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में हापुड़ के कांस्टेबल अक्षय कुमार प्रथम और मेरठ के हेड कांस्टेबल कृष्णपाल को दूसरा स्थान मिला। इसी क्रम में वाटर पोलो प्रतियोगिता में मेरठ को प्रथम और बुलंदशहर को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। क्रॉसकंट्री प्रतियोगिता में 48 (पुरुष/महिला) प्रतिभागियों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग में गाजियाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में मेरठ प्रथम स्थान पर रहा। क्रॉसकंट्री प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में मुजफ्फरनगर के कांस्टेबल सुशील ने 42.05 मिनट में दौड़ लगाई, उन्हें प्रथम स्थान (सर्वश्रेष्ठ पुरुष धावक) एवं महिला वर्ग में मेरठ की महिला कांस्टेबल मीना चौधरी ने 29.54 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान (सर्वश्रेष्ठ महिला धावक) प्राप्त किया। समापन पर एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक गण के रूप में कैलाश प्रकाश स्पो‌र्ट्स स्टेडियम के स्वीमिंग कोच चंचल भट्टाचार्य, शमशेर चौहान एवं पुलिस लाइन से एसआई ऋषिपाल सिंह, ज्ञान चंद, धर्मेद्र मलिक, जितेंद्र सिंह रहे। प्रतियोगिता का संचालन सुभाष पाचाल ने किया। व्यवस्था का पूरा जिम्मा प्रतिसार निरीक्षक होरी लाल पर था। शामली जिले से प्रतियोगिता में किसी खिलाड़ी ने भाग नहीं लिया।

डूब रहे प्रतिभागी को बचाया

तैराकी प्रतियोगिता में एक प्रतिभागी डूब गया था, जिसे दूसरे प्रतिभागी ने देखा। अचानक ही हल्ला मचा और सभी उसे बचाने में जुट गए। प्रतिभागी ने जान पर खेलकर उसे बचा लिया है। यदि प्रतिभागी का ध्यान नहीं जाता तो हादसा हो सकता था।

chat bot
आपका साथी