Move to Jagran APP

UP Weather Today: आगरा में लू का अलर्ट, गोरखपुर में बारिश के आसार, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

UP Weather Update यूपी में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में भयंकर गर्मी पड़ने के आसार हैं। लोगों को दिन में गर्मी ने बेचैन किया तो वही रात में भी राहत नहीं मिली। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर की गति से हवाएं चल सकती हैं। सूरज आगामी दिनों में तेवर तो दिखाएगा ही लू भी बेहाल करेगी।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Published: Thu, 23 May 2024 07:34 AM (IST)Updated: Thu, 23 May 2024 07:34 AM (IST)
आइए जानते हैं कि आज गुरुवार को यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

 डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। (UP Weather Update) उत्‍तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फ‍िर करवट बदली है। बीते कई दिनों से तापमान में कमी देखी जा रही थी लेकिन अब फ‍िर से तापमान ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आने वाले चार-पांच दिनों में तापमान 45 पार जा सकता है। आइए जानते हैं कि आज गुरुवार को यूपी का मौसम कैसा रहेगा।

आगरा: दिन के साथ अब रात में भी सताएगी गर्मी

आगरा शहरवासियों को आगामी सप्ताह में गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग ने अब दिन के साथ ही रात के भी गरम रहने का पूर्वानुमान जताया है। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। बुधवार को दिनभर हवा चलती रही। शाम को देहात में आंधी के साथ वर्षा होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। बीते दिनों की अपेक्षा तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि का आसार जताया है। गुरुवार व शुक्रवार को दिन के साथ रात भी गरम रहेगी और लू चलेगी। 25 व 26 मई को लू का प्रकोप देखने को मिलेगा।

न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। प्रशासन ने जारी किया अलर्ट जिला प्रशासन ने 23 से 26 मई तक लू के प्रकोप को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।

इसे भी पढ़ें- 'यूपी में दो शहजादे देख रहें 79 सीटें जीतने का सपना', अखिलेश के बयान पर PM का तंज; PAK को लेकर कही ये बात

बरेली में पारा कम होने लगा

बरेली में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले तीन दिनों करीब तीन डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान हैं कि अगर इसी तरह से पूर्वा हवा चलती रहीं तो अभी और भी तापमान गिर सकता है। साथ ही शुक्रवार को हल्की बूंदाबांदी के भी आसार बन सकते हैं।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि तीन दिन पहले अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। पिछले कई वर्षों के रिकार्ड इस तापमान ने तोड़ दिए थे। भयाभय गर्मी से परेशान लोगों को कहीं से भी राहत की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही थी। मगर सोमवार रात से लोगों को राहत मिलना शुरू हुई।

तेज ठंडी हवा की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज हुई। इसके बाद तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होना शुरू हो गई। पिछले तीन दिनों में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर चुका है। बुधवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस था।

इसे भी पढ़ें- परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस के लिए बदला गया नियम, इसे हासिल करने के लिए देना होगा यह टेस्‍ट

मौसम विज्ञानी बताते हैं कि बंगाल की खाड़ी से उठने वाली पूर्वा हवा ने तापमान गिराना शुरू कर किया है। इसकी वजह से पूर्वांचल के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। जिसकी वजह से लोगों को और राहत महसूस हुई। जिले में शुक्रवार को हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही हैं। हालांकि इससे तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। लेकिन हवा ठंडी हो जाएगी।

गोरखपुर में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बूंंदाबांदी से हो सकती है। देवरिया और बस्ती में छिटपुट बादल छाए रहने के आसार हैं।

दिन और रात का पारा चढ़ा, हवा में नमी बढ़ने से गर्मी ने किया बेहाल

कानपुर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन और रात का पारा चढ़ने और हवा में नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी शहरवासियों को बेहाल कर दिया है। पिछले 24 घंटे की तुलना में बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ।

सीएसए के मौसम विज्ञान केंद्र में अधिकतम तापमान 40.0 और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर-पूर्व दिशा से 9.9 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चलने से गर्मी का अहसास हुआ। आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी से उठने वाला रेमल तूफान मानसून आने की राह में बाधा बन सकता है।

सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हवा में नमी की मात्रा अधिकतम 61 से बढ़कर 64 प्रतिशत तक पहुंच गई। न्यूनतम आर्द्रता 36 प्रतिशत दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने के आसार हैं। अगले चार दिनों में अरब व बंगाल की खाड़ी से नम हवा आने से मौसम में नमी का वातावरण बनेगा।

कहीं कहीं मेघगर्जना और धूल भरी आंधी के साथ बौछार पड़ने की भी संभावना है। बंगाल की खाड़ी से उठने वाला रेमल तूफान मानसून को शुष्क कर सकता है। फिलहाल, शहरवासी उमस भरी गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, जूस और मौसमी फलों का सेवन करें। धूप में निकलते समय शरीर को ढंककर निकलें।

मेरठ में 40 से नीचे रहा तापमान

मेरठ में हवाओं की दिशा में परिवर्तन का प्रभाव लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी देखने को मिला। बुधवार को भी तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। बुधवार को मौसम का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया।

लगातार दूसरे दिन तापमान 40 से नीचे जरूर आया, लेकिन गर्मी का प्रकोप कम नहीं हुआ। मौसम में गर्मी व उमस बरकरार रही। आसमान से आग बरसाने वाली गर्मी से लोग परेशान रहे। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, एक दो दिनों तक तापमान 40 से नीचे रहेगा, इसके बाद वृद्धि होकर 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।

प्रयागराज में दिन के साथ अब रातें भी होगी गर्म

प्रयागराज में पिछले तीन दिनों में तापमान रोज गिर रहा है पर गर्मी का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा। 20 मई से पारा लुढ़ना शुरू हुआ और तीन दिनों में तापमान तीन डिग्री लुढ़क गया है। हालांकि गर्मी प्रचंड बनी हुई है। पारे के लुढ़कने का गर्मी के तेवर पर कोई असर नहीं हो रहा है।

इस बीच मौसम विभाग ने लू के दौर को दो दिन और बढ़ा दिया है अब 26 मई तक लू के साथ रात में भी तापमान बढ़ने का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में 25 मई को मतदान के दिन भी गर्मी अपने पूरे तेवर में रहेगी। हालांकि मई के अंत में प्री-मानसून बारिश की संभावना है। ऐसे में लोगों को राहत मिल सकती है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.