एक्सप्रेस वे की रेलिग तोड़कर 20 फीट नीचे उतरी बस, एक यात्री घायल

चालक को झपकी आने से अनियंत्रित हुई बसबिहार के सुपौल जिले से पंजाब जा रही थी बस

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 06:25 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 06:25 AM (IST)
एक्सप्रेस वे की रेलिग तोड़कर 20 फीट 
नीचे उतरी बस, एक यात्री घायल
एक्सप्रेस वे की रेलिग तोड़कर 20 फीट नीचे उतरी बस, एक यात्री घायल

संवाद सूत्र, महावन(मथुरा): बिहार के सुपौल जिले से मजदूरों को लेकर पंजाब जा रही बस शनिवार दोपहर यमुना एक्सप्रेस वे की रेलिग तोड़कर करीब बीस फीट नीचे खेत में उतर गई। बस में 90 मजदूर सवार थे। बस की खिड़की से गिरने से एक यात्री गंभीर घायल हो गया। जबकि चार चोटिल हुए हैं। चालक, परिचालक बस छोड़कर भाग गए।

नवीन बस सर्विस देवाली रोड, दिल्ली की बस दस जून की रात डेढ़ बजे सुपौल, मधेपुर और छतरपुर जिले से 90 मजदूरों को लेकर पंजाब जा रही थी। ये मजदूर धान की रोपाई करने जा रहे थे। माइलस्टोन 117 पर दोपहर दो बजे चालक को झपकी लग गई। अनियंत्रित बस रेलिग तोड़कर करीब 20 फीट नीचे खेत में उतर गई। इस दौरान मधेपुरा जिले के गांव परपुरवा निवासी धैनू यादव खिड़की से निकल कर बाहर गिर गया। उसका एक पैर बस के पहिए के नीचे दब गया। चीख-पुकार सुन आए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और मजदूरों की मदद से बस को उठाकर मजदूर को निकाला। करीब एक घंटे बाद यमुना एक्सप्रेस वे की राहत टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायल मजदूर को उपचार के लिए भेजा। हादसे में चार मजदूर चोटिल हुए हैं। हादसे के बाद चालक आनंद कुमार त्यागी निवासी नजफगढ़ और परिचालक भाग गए। थानाध्यक्ष महावन मनोज कुमार शर्मा ने बताया, घायल मजदूर को उपचार के लिए भेजा गया है।

कार में ट्रक ने मारी टक्कर, तीन घायल

संस, कोसीकलां: स्थानीय ईदगाह चौराहे पर शनिवार सुबह ट्रक ने एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। तड़के करीब चार बजे एक इको कार आगरा से दिल्ली की ओर जा रही थी। ईदगाह चौराहे के सामने हाईवे पर पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ट्रक को मौके से लेकर भाग गया। कार सवारों को राहगीरों ने बाहर निकाला। थाना कोसीकलां प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पवार ने बताया, इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।

chat bot
आपका साथी