दो हजार के जाली नोटों के साथ तस्कर गिरफ्तार

लखनऊ की नाका पुलिस ने चारबाग रेवड़ी गली के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से 22 हजार रुपये बरामद किये हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Aug 2018 11:06 PM (IST) Updated:Tue, 28 Aug 2018 11:06 PM (IST)
दो हजार के जाली नोटों के साथ तस्कर गिरफ्तार
दो हजार के जाली नोटों के साथ तस्कर गिरफ्तार

मैनपुरी/लखनऊ : नाका पुलिस ने चारबाग स्थित रेवड़ी गली से दो हजार रुपये के जाली नोटों के साथ तस्कर राम बाबू शाक्य को मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वह रेवड़ी मंडी में दो हजार की एक नोट चलाने की कोशिश कर रहा था, तभी सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके पास से कुल 22 हजार रुपये बरामद हुए हैं।

एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, जाली नोटों के साथ गिरफ्तार तस्कर राम बाबू शाक्य (68) मूल रूप से मैनपुरी के करहल का रहने वाला है। कई सालों से वह इलाहाबाद में सिविल लाइन स्थित ताशकंद मार्ग पर रह रहा था। आरोपित के पास से दो हजार के 11 जाली नोट बरामद किए गए हैं। सुबह वह रेवड़ी वाली गली में एक दुकान पर नोट चलाने की कोशिश कर रहा था। दुकानदार नोट पहचान गया। उसने उससे दूसरा नोट मांगा तो दूसरा भी नकली मिला तो उसने नाका पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि शनिवार को उसे इलाहाबाद के सुमेल सराय निवासी गामा ने यह नोट दिए थे। एएसपी पश्चिम ने बताया कि गिरोह का सरगना गामा है। आरोपित की कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं। गामा के पकड़े जाने पर गिरोह के अन्य लोगों के बारे में जानकारी हो सकेगी। इसके साथ ही हसनगंज में बीते दिनों जाली नोटों की तस्करी में पकड़े गए आरोपितों के साथ भी राम बाबू और गामा के कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है। राम बाबू को जेल भेज दिया गया है।

-----

फर्जी चिट फंड कंपनी खोलकर भी कर चुका है धोखाधड़ी

एएसपी पश्चिम ने बताया कि वर्ष 2005 में राम बाबू ने इलाहाबाद में फर्जी चिट फंड कंपनी खोलकर भी बड़ी रकम की धोखाधड़ी की थी। इस मामले में वह एमपी भिंड और इलाहाबाद शाहगंज से जेल जा चुका है।

-----

बांदा जेल से जुड़े हैं आरोपित के तार

पुलिस ने बताया कि तस्कर राम बाबू का कनेक्शन बांदा जेल में बंद अपराधी सुरेश श्रीवास्तव से भी है। उसके पास सुरेश का एक पत्र बरामद हुआ है। जिसमें लिखा है कि पत्र वाहक मेरा परिचित है। इसके रहने की व्यवस्था करना। बता दें बांदा जेल में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी से लेकर तमाम शातिर अपराधी बंद हैं। एएसपी पश्चिम ने बताया कि रामबाबू की कॉल डिटेल्स और बांदा जेल से कनेक्शन के बारे में पड़ताल की जा रही है।

-----

chat bot
आपका साथी