बरेली में केंद्र सरकार पर हमलावर हुए अखिलेश यादव, बोले- भाजपा 400 पार नहीं बल्कि…; बताया क्यों सपा का सत्ता में आना जरूरी
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा की केंद्र सरकार पर हमलावर होने के साथ सत्ता में आने पर अपनी प्राथमिकता भी गिनाईं। अखिलेश ने भाजपा सरकार के संविधान बदलने का कुचक्र रचने का आरोप लगाते हुए भीड़ से आह्वान किया कि यह संविधान बचाने का चुनाव है। अखिलेश ने कहा भाजपा 400 पार नहीं बल्कि 400 सीट हारने...
जागरण संवाददाता, बरेली। Akhilesh Yadav: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा की केंद्र सरकार पर हमलावर होने के साथ सत्ता में आने पर अपनी प्राथमिकता भी गिनाईं।
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की मुफ्त राशन योजना में खराब राशन देने की बात करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर हम जरूरतमंदों को पौष्टिक आटा और युवाओं को डाटा फ्री देंगे। वह संभल लोकसभा क्षेत्र के बिलारी और बरेली में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
अखिलेश ने भाजपा सरकार के संविधान बदलने का कुचक्र रचने का आरोप लगाते हुए भीड़ से आह्वान किया कि यह संविधान बचाने का चुनाव है। पहले दो चरण के बाद भाजपा का चार सौ पार का नारा बदल गया है। वह 400 पार नहीं, 400 सीट हारने जा रही है।
भाजपा ने गर्मी में चुनाव कराया है इन्हें वोट मत देना- अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने गर्मी में चुनाव कराया है, इन्हें वोट मत देना। इन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने की बात की, वह नहीं हुई। खाद और बिजली महंगी कर दी। सरकारी गोशाला के लिए किसानों से भूसा लेने का भी दबाव बनाया जा रहा है।
अखिलेश ने भाजपा के विकसित भारत नारे पर किया कटाक्ष
भाजपा के विकसित भारत के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानों ने सहयोग न किया होता, तो इनकी विकसित यात्रा भी नहीं चल पाती। इस बार भाजपा का सफाया होने जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार में लीकेज बताते हुए कहा कि आरक्षण न देना पड़ा, इसलिए पेपर लीक करा दिए। फिर दोहराया कि सरकार में आने पर अग्निपथ योजना को रद कर देंगे।
यह भी पढ़ें- Bareilly Lok Sabha Seat : बरेली में गरजे अखिलेश, कहा; उनकी फिल्म कहानी फ्लॉप हो चुकी है, अब कोई सुनना नहीं चाहता