भाईचारा की संस्कृति से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी : अखिलेश यादव

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज अपने सरकारी आवास पर ग्रेटर नोएडा के दादरी के मोहम्मद इकलाख के परिजनों से मुलाकात के बाद दुख जताया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश की भाईचारा की संस्कृति से छेड़छाड़ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sun, 04 Oct 2015 10:43 AM (IST) Updated:Sun, 04 Oct 2015 10:16 PM (IST)
भाईचारा की संस्कृति से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी : अखिलेश यादव

लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज अपने सरकारी आवास पर ग्रेटर नोएडा के दादरी के मोहम्मद इकलाख के परिजनों से मुलाकात के बाद दुख जताया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश की भाईचारा की संस्कृति से छेड़छाड़ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति भाईचारे की रही है। भाईचारा ही हमारे देश तथा प्रदेश की ताकत है। उन्होंने कहा कि दादरी के बिसाहड़ा गांव के मोहम्मद इकलाख के पीडि़त परिवार के साथ सरकार हमेशा रहेगी। इनके लिए एक मकान के साथ ही इकलाख के पुत्र दानिश के इलाज का सारा खर्च सरकार वहन करेगी। सीएम अखिलेश ने पीडि़त परिवार के करीब दो घंटे तक बात की। उन्होंने कहा कि हम सभी लोग पीडि़त परिवार के दुख में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पता नहीं ग्रेटर नोएडा में किसने जहर बो दिया है। उन्होंने कहा कि पीडि़त परिवार के गांव न जाने के कारण मैंने इनको अपने सरकारी आवास पर बुलाया है। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी किसी के दुख के मामले में जरा भी राजनीति नहीं करती है। किसी के भी घर के किसी एक सदस्य का मारा जाना बेहद दुखद होता है। अखिलेश यादव के साथ ही पीडि़त परिवार से कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव व आजम खां ने भी मुलाकात की।

मोहम्मद इकलाख की मौत के बाद से ग्रेटर नोएडा राजनीति तेज हो गई है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज इकलाख के परिजन को अपने आवास पर बुलाकर उनसे भेंट की। साथ ही मुख्यमंत्री ने इस मामले में डीजीपी जग मोहन यादव को तलब करने के बाद इकलाख के परिवार की सुरक्षा कड़ी करने का निर्देश दिया है।

इकलाख के परिजन को लेकर विधान परिषद सदस्य आशु मलिक कल रात ही लखनऊ पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने दादरी के बिसाहड़ा गांव में इकलाख की हत्या के मामले का संज्ञान सीधे लिया है। मुख्यमंत्री ने पीडि़त परिवार से मिलने की इच्छा व्यक्त की थी। कल रात में ही आशु मलिक के साथ पीडि़त परिवार लखनऊ आ गया था। सीएम इनसे अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर मिलेंगे। माना जा रहा है कि परिवार को सहायता राशि के रूप में 20 लाख रुपये का चेक भी प्रदान किया जाएगा। परिवारीजन में इकलाख की बेटी व दामाद के साथ उनकी मां भी हैं। आज 11 बजे बजे परिवार के सभी सदस्यों मुख्यमंत्री आवास पर उनसे मुलाकात की। मुलाकात के बाद सीएम अखिलेश यादव ने डीजीपी जग मोहन यादव को तलब किया। उन्होंने डीजीपी को दादरी के बिसाहड़ा गांव में हर दिन की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है। सरकारी प्रवक्ता ने पीडि़त परिवार के लोगों के लखनऊ पहुंचने की पुष्टि की है। बताया गया है मुख्यमंत्री पीडि़तों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी के साथ ही पुलिस की तफ्तीश से संतुष्टि के बारे में जानकारी लेने के साथ पीडि़त परिवार को घोषित 20 लाख की आर्थिक मदद का चेक भी सौंपेंगे।

ग्रेटर नोएडा के दादरी के बिसाहड़ा गांव में इकलाख की पीट-पीट कर हत्या के मामले का संज्ञान सीधे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लिया है। मुख्यमंत्री के बुलावे पर कल ही एमएलसी आशु मलिक पीडि़त परिवार के चार सदस्यों को लेकर रात में लखनऊ लखनऊ पहुंच गये। उन्हें कड़ी सुरक्षा में सरकारी अतिथि गृह में रखा गया।

दरअसल, ग्रेटर नोएडा में सियासत गर्माती देख मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों को लखनऊ बुलाया है। कल देर शाम सात बजे एमएलसी आशु मलिक सरकारी सुरक्षा के साथ दादरी के बिसाहड़ा गांव पहुंचे। इकलाख के परिवार को मुख्यमंत्री के बुलावे का संदेश दिया और चार सदस्यों को लेकर गुपचुप दिल्ली एयरपोर्ट रवाना हुए। देर शाम पीडि़त परिवार अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा। जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें राज्य सरकार के अतिथि गृह ले जाया गया।


जांच में जुटी एसटीएफ

यूपी एसटीएफ बिसाहड़ा कांड की जांच में एसटीएफ भी जुट गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद आइजी एसटीएफ सुजीत पाण्डेय ने नोएडा इकाई को पूरे मामले की तफ्तीश में जुटने की हिदायत दी है। क्षेत्राधिकारी राजकुमार मिश्रा को जांच सौंपी गई है, जिन्होंने कल गांव में लोगों से बातचीत की और मामले का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी एसटीएफ को सौंपी गई है।

क्या है मामला

ग्रेटर नोएडा के दादरी के बिसाहड़ा गांव के एक घर में गाय का मांस होने की अफवाहों के कारण 50 वर्षीय मोहम्मद इकलाख को 28 सितंबर को भीड़ ने मार डाला गया था। इकलाख अहमद और उसके 22 वर्षीय बेटे को करीब सौ ग्रामीणों ने उनके घर से खींच लिया और ईंटों से पीटा गया। इकलाख का पुत्र काफी गंभीर हालत में नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती है। इनके ऊपर हमले से पहले कथित तौर पर बछड़ा बलि देने की घोषण की गई थी। बछड़े के शव की खाल गांव में ट्रांसफार्मर में एक मंदिर के पास मिली थी। बिसहाड़ा गांव में सिर्फ दो मुस्लिम परिवार हैं। एक परिवार गांव के बाहर था। इस मामले में दस लोगों को आरोपी बनाया गया है। जिनमें से आठ को कल गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में गौ हत्या पर प्रतिबंध है।

chat bot
आपका साथी