प्रधानमंत्री ही नहीं भाजपा अध्यक्ष बनाने में भी यूपी की भूमिका

जेपी नड्डा के भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह भी चर्चा शुरू हो गई कि संगठन का नेतृत्व संभालने के लिए भी यूपी का तजुर्बा होना जरूरी है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 18 Jun 2019 12:21 AM (IST) Updated:Tue, 18 Jun 2019 12:33 AM (IST)
प्रधानमंत्री ही नहीं भाजपा अध्यक्ष बनाने में भी यूपी की भूमिका
प्रधानमंत्री ही नहीं भाजपा अध्यक्ष बनाने में भी यूपी की भूमिका

लखनऊ, जेएनएन। यह तो कहते ही हैैं कि दिल्ली की सत्ता का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है और प्रधानमंत्री बनाने में इस राज्य की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है, लेकिन जेपी नड्डा के भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह भी चर्चा शुरू हो गई कि संगठन का नेतृत्व संभालने के लिए भी यूपी का तजुर्बा होना जरूरी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा अध्यक्ष बनने से पहले उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे। जेपी नड्डा भी इस चुनाव में उप्र के प्रभारी बनाये गए थे। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अमित शाह को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया था। शाह के नए प्रयोग से भाजपा ने 80 में सहयोगियों समेत 73 सीटें जीतीं। इसके बदले भाजपा अध्यक्ष के रूप में उनकी ताजपोशी हुई। शाह सार्वजनिक मंचों से उप्र से मिले अपने अनुभवों को सुनाते रहे हैं। यद्यपि भाजपा अध्यक्ष अभी अमित शाह ही हैं लेकिन, कार्यकारी की कमान जेपी नड्डा को सौंपी गई है।

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने नड्डा को प्रभारी बनाया। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की चुनौतियों के बीच यूपी में सहयोगियों समेत भाजपा को 64 सीटें मिलीं जिससे नड्डा का सियासी कद बढ़ा। नड्डा की कार्यशैली के बारे में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित बताते हैं 'वह देर रात तक काम करते हैं और हर कार्यकर्ता की बात सुनते हैं। समस्या को समझना और तत्काल समाधान निकालना उनकी विशेषता है।' 

अब उप्र में भी नियुक्त हो सकते कार्यकारी अध्यक्ष

जेपी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाये जाने के बाद उत्तर प्रदेश में भी यह फार्मूला लागू करने की संभावना बढ़ गई है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के केंद्र सरकार में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री बनने के बाद उनकी व्यस्तता भी बढ़ गई है। कौशल विकास प्रधानमंत्री की प्राथमिकता पर है और डॉ. पांडेय विभाग में बेहतर करने के लिए खूब समय दे रहे हैं, इसलिए भी माना जा रहा है कि उप्र में भी कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

नड्डा को यूपी भाजपा ने दी बधाई

जेपी नड्डा को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाये जाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, विजय बहादुर पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर समेत कई प्रमुख नेताओं ने बधाई दी है। डॉ. पांडेय ने कहा कि नड्डा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने से भाजपा के विस्तार को गति मिलेगी।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी