श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के नाम से बनाई फर्जी वेबसाइट, QR कोड बदलकर ल‍िंक क‍िया खाता

Fake Website of Shri Ram Janmabhoomi Tirth Trust धोखाधड़ी कर फर्जी खाते में धन संग्रह के लिए किया जा रहा था प्रचार। ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज। ली जा रही है साइबर विशेषज्ञों की मदद।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Thu, 18 Feb 2021 08:40 PM (IST) Updated:Fri, 19 Feb 2021 12:06 PM (IST)
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के नाम से बनाई फर्जी वेबसाइट, QR कोड बदलकर ल‍िंक क‍िया खाता
जालसाजों के न‍िशाने पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट।

अयोध्या, जेएनएन। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एकबार फिर जालसाजों के निशाने पर है। निधि समर्पण अभियान के बीच ट्रस्ट की फर्जी वेबसाइट बना कर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र की ओर थाना रामजन्मभूमि में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह प्रकरण गत 30 जनवरी को प्रकाश में आया था, जिसकी छानबीन पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसमें साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं।

ट्रस्ट की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में उल्लेख किया गया है कि श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अधिकृत वेबसाइट को ट्रस्ट की आवश्यक जानकारी देने के लिए बनाया गया है। मंदिर के लिए आर्थिक सहयोग प्राप्त करने के लिए वेबसाइट पर ट्रस्ट के बैंक खाते एवं सारी जानकारियां उपलब्ध हैं। किसी जालसाज ने ट्रस्ट की अधिकृत वेबसाइट से मिलती जुलती वेबसाइट बनाकर उस पर ट्रस्ट के बैंक खाता एवं क्विक रिस्पांस (क्यूआर) कोड बदल कर स्वयं का खाता नंबर व क्यूआर कोड प्रदर्शित कर दिया। फर्जी वेबसाइट के क्यूआर कोड को स्कैन करने पर खाताधारक का नाम तेजवीर सि‍ंंह सामने आया है, जबकि संबंधित खाता गौरव कुमार के नाम रजिस्टर्ड है। थाना प्रभारी रामजन्मभूमि राहुल कुमार ने बताया कि छानबीन की जा रही है। जल्द ही जालसाजों को गिरफ्तार किया जाएगा।

पहले भी साजिश का शिकार हो चुका है ट्रस्ट

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पहले भी साजिश का शिकार हो चुका है। गत वर्ष सितंबर माह में ट्रस्ट का फर्जी चेक तैयार कर छह लाख रुपये पार कर दिए गए थे। पुलिस ने गत 20 दिसंबर को चार शातिर लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में मुंबई का गिरोह शामिल था। पकड़े गए लोगों में मुंबई के थाना फोर्ट बाजार गेट महापला हाउस निवासी प्रशांत महावल, थाणे जिला अंतर्गत डोमिबली ईस्ट प्रिमिया जेविंंग फ्लैट निवासी विमल लल्ला, विष्णुनगर निवासी संजय तेजराज जैन व कोलासा निवासी शंकर सीताराम गोपाले शामिल थे।

chat bot
आपका साथी