मेहनतकशों का अपमान भाजपा का संपर्क फॉर समर्थन : मायावती

बसपा अध्यक्ष मायावती ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और भाजपा के संपर्क फॉर समर्थन को मेहनतकशों का अपमान करार दिया।

By Nawal MishraEdited By: Publish:Tue, 19 Jun 2018 08:28 PM (IST) Updated:Tue, 19 Jun 2018 08:28 PM (IST)
मेहनतकशों का अपमान भाजपा का संपर्क फॉर समर्थन : मायावती
मेहनतकशों का अपमान भाजपा का संपर्क फॉर समर्थन : मायावती

लखनऊ (जेएनएन)। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और भाजपा के संपर्क फॉर समर्थन अभियान को मेहनतकश लोगों का अपमान करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल नामी हस्तियों से मिलकर फोटो कराने से लगता है कि भाजपा को असली भारत की चिंता नहीं है।

आज जारी बयान में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के सवा सौ करोड़ गरीब मजदूर, किसान व मेहनतकश लोगों के दुखों की अनदेखी कर रही है। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी कीमतों में कमी न करके मोदी सरकार केवल अपना खजाना और धन्नासेठों की तिजोरी भर रही है। सरकार के उत्पादन शुल्क में कमी से अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव पडऩे के तर्क को नकारते हुए उन्होंने इसको पूंजीपतियों व उद्योगपतियों की सोच बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि उसे करोड़ों गरीब, किसान और बेरोजगारों की चिंता नहीं।

नीरव मोदी और विजय माल्या का नाम लिए बगैर उन्होंने मोदी सरकार पर आम जनता द्वारा बैंकों में जमा करायी पूंजी को लुटवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सख्त कदम उठाने के बजाए कोरी बयानबाजी हो रही है। बसपा प्रमुख ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत बढऩे का बोझ तो आम जनता पर डाला जाता है कि परंतु दाम कम होने पर राहत नहीं दी जाती। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा इसे देशहित से जोडऩे पर नाराजगी व्यक्त की है। कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने का दावा सरकार का एक और जुमला बनकर रह गया है। जनता रोटी रोजी के लिए इतना कभी परेशान नहीं रही, जितना मोदी सरकार के शासनकाल में है।

chat bot
आपका साथी