लखनऊ में घूरे के विवाद पर अधिवक्ता ने किसान को मारी गोली, ट्रामा में भर्ती

लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र ग्राम अनौरा का मामला है। किसान के सीने में लगी गोली ट्रामा में भर्ती।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 12:13 PM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 12:13 PM (IST)
लखनऊ में घूरे के विवाद पर अधिवक्ता ने किसान को मारी गोली, ट्रामा में भर्ती
लखनऊ में घूरे के विवाद पर अधिवक्ता ने किसान को मारी गोली, ट्रामा में भर्ती

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की राजधानी में चले आ रहे घूरे के विवाद में एक अधिवक्ता ने किसान गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली किसान के सीने में लगी। पुलिस ने घायल किसान को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

ये है पूरा मामला 

मामला सरोजनीनगर थाना क्षेत्र ग्राम अनौरा का है। यहां के निवासी साकेत बिहारी का पुत्र जितेंद्र गुप्ता पेशे से वकील है। वही, गांव में ही रहने वाले रघुपाल का पुत्र जितेंद्र उर्फ टिंकू किसानी का काम करता है। बताया जा रहा है कि वकील जितेंद्र गुप्ता के मकान के पास पुरानी एक बांस कोठी थी, जिसको कुछ समय पहले काट दिया गया था। वहीं, पर किसान जितेंद्र उर्फ टिंकू घूरा डाल रहा था। घूरा वकील की दीवार से सटकर पड़ रहा था, जिसको लेकर उसने कई बार मना किया। बीते शनिवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। रविवार की सुबह जितेंद्र उर्फ टिंकू ने फिर वहीं घूरा डाला,  जिसको लेकर दोनों में गाली-गलौज हुई। इसीबीच वकील जितेंद्र गुप्ता अपने लाइसेंसी पिस्टल निकालकर ले आया और जितेंद्र उर्फ टिंकू को गोली मार दी। गोली टिंकू के सीने में लगने से वह वहीं बेहोश हो गया। गोली चलने से आसपास अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पुलिस ने घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।

क्या कहना है पुलिस का ?

एसीपी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि घायल का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। गोली मारने के बाद आरोपित अधिवक्ता जितेंद्र गुप्ता मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है और कार्रवाई करते हुए आरोपित के पिता साकेत बिहारी को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल अभी मामले के संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

chat bot
आपका साथी