Teachers Day 2022: लखीमपुर के वीरेंद्र शुक्ला को म‍िलेगा राज्य श‍िक्षक पुरस्कार, दो बार पहले भी हो चुके सम्‍मान‍ित

Teachers Day 2022 बेसिक शिक्षा विभाग लखीमपुर जिले के बिजुआ ब्लाक के गांव बझेड़ा के संविलयन प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार शुक्ला को राज्य स्तरीय पुरस्कार के रूप में सम्मानित करेगा। उन्‍हें पहले भी उत्कृष्ट कार्य के लिए दो बार पुरस्कार द‍िया जा चुका है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 03 Sep 2022 05:37 PM (IST) Updated:Sat, 03 Sep 2022 05:37 PM (IST)
Teachers Day 2022: लखीमपुर के वीरेंद्र शुक्ला को म‍िलेगा राज्य श‍िक्षक पुरस्कार, दो बार पहले भी हो चुके सम्‍मान‍ित
Lakhimpur News: राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए बिजुआ के वीरेंद्र शुक्ला चयनित।

लखीमपुर, [पवन जायसवाल]। राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए खीरी जिले के बिजुआ ब्लाक के गांव बझेड़ा के संविलयन प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र कुमार शुक्ला का चयन हुआ है। यह पुरस्कार वीरेंद्र शुक्ला को तीसरी बार प्राप्त होने जा रहा है। इससे पहले शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए दो बार पुरस्कार प्राप्त किया जा चुका है।

सबसे पहले उन्हें विद्यालय के भौतिक स्वरूप को सुदृढ़ करने को लेकर राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उसके बाद दूसरी बार उन्होंने एक पुस्तक लिखी, इसमें बेसिक शिक्षा विभाग ने उनका चयन राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए किया था। दो बार पुरस्कार पाने के बाद तीसरी बार उनका राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन हुआ है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय के पुरस्कार के लिए कुल छह मानक होते हैं, जिसमें विद्यालय की अवस्थापना को सुदृढ़ करने, भौतिक स्वरूप में परिवर्तन करने, बच्चों के अधिकाधिक नामांकन को बढ़ाने व उनके ठहराव की उचित व्यवस्था करने, शैक्षिक क्षेत्र में सामाजिक कार्य करने तथा शैक्षणिक कार्यकाल के दौरान निजी उपलब्धि हासिल करने सहित छह मानकों में चयन होने पर उन्हें राज्य स्तरीय पुरस्कार दिया जाता है।

इससे पूर्व दो मानकों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं इस बार सभी छह मानकों में उत्कृष्ट कार्य में ओवरआल होने पर राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। यह सर्वे पूरे पांच साल का होता है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया मेरी पोस्टिंग के समय बझेड़ा गांव में कोई भी व्यक्ति हाई स्कूल पास नहीं था। आज 100 से अधिक बच्चे हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे हैं।

लगातार तीसरी बार राज्य स्तरीय पुरस्कार में बिजुआ ब्लाक के बझेड़ा प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र शुक्ला का चयन होने पर शिक्षा विभाग सहित उनके निजी संबंधियों की लगातार बधाइयों का तांता लगा है। उन्होंने राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन होने पर जिले का भी मान बढ़ाया है।

chat bot
आपका साथी