Kushinagar News: ट्रक की चपेट में आकर परछावन देख रहे किशोर की मौत, नाराज घरवालों व ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बरात के लिए परछावन हो रहा था जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी थी। इसी दौरान एक किशोर की ट्रक के चपेट में आने से मौत हो गई। नाराज घरवालों के साथ ही गांववालों ने सड़क जाम कर दिया।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Fri, 02 Jun 2023 04:21 PM (IST) Updated:Fri, 02 Jun 2023 04:21 PM (IST)
Kushinagar News: ट्रक की चपेट में आकर परछावन देख रहे किशोर की मौत, नाराज घरवालों व ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
ट्रक की चपेट में आने से परछावन देख रहे किशोर की मृत्यु। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

कुशीनगर (गौरीश्रीराम), जागरण संवाददाता। विशुनपुरा के गगलवा गांव के समीप सेवरही-दुदही मार्ग पर परछावन देख रहे किशोर की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गांव के लोग आक्रोशित हो गए। सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल बिगड़ने की आशंका में सात थानों की पुलिस पहुंच गई। सीओ के सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोग माने और सड़क जाम समाप्त हुआ। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रही।

यह है मामला

गगलवा गांव से शाम को बरात निकल रही थी। गांव से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर सेवरही-दुदही मार्ग पर बने पुल पर परछावन कार्यक्रम चल रहा था। गांव का 15 वर्षीय चुन्नू उर्फ कल्लू पुत्र जयप्रकाश तिवारी सड़क के किनारे चल रहा परछावन कार्यक्रम देख रहा था। इस बीच वह पडरौना की तरफ से आए ट्रक की चपेट में आ गया जिससे उसकी दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई। किशोर की मृत्यु की खबर पूरे गांव में फैल गई। घर में चीख-पुकार मच गई। स्वजन संग गांव के लोग आक्रोशित हो गए।

गांव के सामने सेवरही-दुदही मार्ग को लोगों ने जाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना पर एसएचओ गिरिजेश उपाध्याय पहुंच गए। माहौल भांप उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सीओ जितेंद्र सिंह मौके पर आ गए। कुछ ही देर में बरवापट्टी, तरयासुजान, तुर्कपट्टी, पटहेरवा, तरयासुजान, सेवरही व कुबेरस्थान थाने की फोर्स भी बुला ली गई। ट्रक चालक के हिरासत में होने तथा मामले में सख्त कार्रवाई के सीओ के आश्वासन के बाद लोग माने तब जाकर सड़क जाम समाप्त हुआ। सीओ ने बताया कि चालक हिरासत में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मौत

सोनदिया के टोला दुरुखिया में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की मृत्यु हो गई। पुलिस के पहुंचने से पूर्व स्वजन शव का अंतिम संस्कार कर दिए और घर पर ताला बंद कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार 14 वर्षीय आशू पुत्री के पिता वंशराज डेढ़ साल से रोजगार के सिलसिले में दुबई में हैं। लड़की की मां उर्मिला बेटी व दो पुत्रों अंकित व मनीष के साथ गांव पर ही रहती हैं। प्रभारी निरीक्षक ने आशुतोष सिंह कहा कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी