पिकअप की टक्कर से बाइक सवार तीन किशोरों की मौत

सोरों के कछला घाट पर गंगा स्नान को जा रहे थे। चालक वाहन छोड़ भाग गया और पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Oct 2020 07:00 AM (IST) Updated:Tue, 06 Oct 2020 07:00 AM (IST)
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार तीन किशोरों की मौत
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार तीन किशोरों की मौत

कासगंज, संवाद सहयोगी। सोरों कोतवाली क्षेत्र में एक पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीन किशोरों की मौत हो गई। यह सभी कछला घाट पर गंगा स्नान करने जा रहे थे। हादसे के बाद पिकअप चालक भाग गया।

जिले के गांव मानपुर नगरिया निवासी गोविद(16 वर्ष) पुत्र धर्मेंद्र, करन(17 वर्ष) पुत्र पूरन और सागर(16 वर्ष) पुत्र प्रेमचंद्र एक बाइक से सोमवार की सुबह आठ बजे गांव से कछला घाट पर गंगा स्नान को जा रहे थे। बाइक गोविंद चला रहा था। गोला कुंआ के पास मोड़ पर सामने से आती पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। गोविद और करन की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर घायल सागर ने अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

हर सोमवार को गंगा स्नान करने जाते थे: तीनों साथी बीते कई माह से हर सोमवार को कछला घाट पर गंगा स्नान करने जाते थे। किशोरों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। ग्रामीण महिलाएं और पुरुष विलाप कर रहे स्वजन को सांत्वना दे रहे थे।

मुकदमा दर्ज: थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि मामले में पिकअप चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन को कब्जे में लिया गया है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक घायल: सोरो कोतवाली क्षेत्र में कासगंज-सोरों मार्ग पर कलक्ट्रेट के समीप रविवार रात लगभग नौ बजे कछला के गंगा घाट से अंतिम संस्कार करने के बाद वापस लौट रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें शहर के मुहल्ला मोहन निवासी 27 वर्षीय पंकज पुत्र महेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठे साथी 28 वर्षीय दीपू पुत्र मुन्नालाल गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया है। अज्ञात वाहन के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी गई है।

बाइक भिड़ंत में रोडवेज परिचालक की मौत, तीन घायल: सोमवार की शाम लगभग छह बजे थाना सहावर क्षेत्र में ग्राम भनूपुरा के निकट दो बाइकों में आमने सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें मोहनपुर निवासी परिवहन निगम का परिचालक आकाश पुत्र सुधाकर शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथी रूपकिशोर घायल हो गए। वहीं दूसरा बाइक सवार बग्गा पुत्र विचेल सिंह निवासी गढ़का थाना सहावर एवं सर्वेंद्र पुत्र कश्मीरी सिंह निवासी जीवा थाना फिरोजपुर पंजाब घायल हुआ है। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। रूपकिशोर को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है।

chat bot
आपका साथी