कानपुर में मौसम का हाल : नये पश्चिमी विक्षोभ से गिरेगा पारा, अभी और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग की मानें तो अभी तापमान और नीचे जाएगा और ठंड में इजाफा होगा। पश्चिमी हिमालय के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ आने से पहाड़ों पर तेज बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में शीतलहर व गलन बढ़ना तय है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Fri, 28 Jan 2022 10:47 AM (IST) Updated:Fri, 28 Jan 2022 10:47 AM (IST)
कानपुर में मौसम का हाल : नये पश्चिमी विक्षोभ से गिरेगा पारा, अभी और बढ़ेगी ठंड
कानपुर में शीत लहर और गलन बढ़ेगी।

कानपुर, जागरण संवाददाता। पश्चिमी हिमालय के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने के आसार हैं, इससे पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं में और इजाफा होगा और मैदानी इलाकों में गलन व शीतलहर बढ़ सकती है। यही नहीं, अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण आसमान में हल्के से मध्यम बादल भी होंगे, जिससे कोल्ड डे की स्थिति रहेगी और दिन में तापमान फिर से गिर सकता है। सुबह व शाम धुंध व घना कोहरा भी छाने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने यही संभावना जताई है।

पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही आसमान पर घने बादल छाए रहे और बूंदाबांदी व बारिश के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ी। 23 तारीख से आसमान कुछ साफ हुआ तो धूप ने सर्दी से कुछ राहत दिलाई। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री और अधिकतम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन अब फिर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर मैदानी इलाकों में 29 व 30 जनवरी को पड़ने की उम्मीद है। सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में एक ट्रफ रेखा उत्तराखंड के दक्षिणी हिस्से से होते हुए उत्तर प्रदेश और बिहार से गुजर रही है। यही नहीं, बंगाल की खाड़ी व अरब सागर में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण नम हवाएं भी यूपी व बिहार में तेज हो रही हैं। वर्तमान में हवा में नमी की मात्रा 97 फीसद तक है।

डा. पांडेय ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के आने के बाद उत्तराखंड, दिल्ली और यूपी से लेकर बिहार तक फिर कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। इस दौरान रात में तेज गलन और दिन में शीतलहर चल सकती है। आसमान में घने बादल छा सकते हैं और प्रदेश में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने न्यूनतम पारा चार डिग्री तक होने की संभावना जताई है। लिहाजा लोग पहले से अलर्ट रहें और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें।

chat bot
आपका साथी