Kanpur Weather Update: सुबह-शाम सर्दी और दोपहर में गर्मी, फिलहाल मार्च तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव यूं ही बना रहेगा। अभी पीछे कई और पश्चिमी विक्षोप आने की संभावना है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 20 Feb 2021 09:08 AM (IST) Updated:Sat, 20 Feb 2021 09:08 AM (IST)
Kanpur Weather Update: सुबह-शाम सर्दी और दोपहर में गर्मी, फिलहाल मार्च तक ऐसा ही रहेगा मौसम
कानपुर में गुलाबी है मौसम का मिजाज।

कानपुर, जेएनएन। सुबह शाम सर्दी और दोपहर में गर्मी, कुछ इसी तरह का मौसम मार्च के पहले हफ्ते तक बना रह सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच उतार चढ़ाव रहेगा, जबकि हवा सामान्य से थोड़ी ही तेज चल सकती है। अधिकतम ऊंचाई पर बादल छाने के आसार भी बन रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जबकि उसके पीछे कई और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना बनी है। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के आसार हैं, जिससे ठंडक बनी रहेगी।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। यह बर्फबारी थोड़े थोड़े अंतराल के बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हाेने से होगी। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक के बाद एक करके कई विक्षोभ बनेंगे, जिससे आगामी कई दिनों तक वर्षा और बर्फबारी होने की आशंका है।

पहले पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 20 फरवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें रविवार और सोमवार तक हिमपात होगा। 23 और 24 को मौसमी गतिविधियां कम हो जाएंगी। 25 फरवरी को मौसम अपेक्षाकृत साफ हो जाएगा और छिटपुट वर्षा से अधिक की संभावना नहीं है। अगला मौसमी सिस्टम 26 फरवरी को दस्तक देगा और जम्मू कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक बारिश हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 27.8, न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं अधिकतम आर्द्रता 90 फीसद, हवा की औसत गति 1.5 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इस सप्ताह आसमान साफ रहेगा।

chat bot
आपका साथी