सफाई कर्मी की गला रेत कर नृशंस हत्या

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मनवल गांव में शनिवार की सुबह युवक की गला रेतकर हत्या के बाद चकमार्ग किनारे लाश फेंकी पाई जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त हो गई। वह सफाई कर्मचारी था।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Jul 2019 05:48 PM (IST) Updated:Sat, 20 Jul 2019 05:48 PM (IST)
सफाई कर्मी की गला रेत कर नृशंस हत्या
सफाई कर्मी की गला रेत कर नृशंस हत्या

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर): सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मनवल गांव में शनिवार की सुबह युवक की गला रेतकर हत्या के बाद चकमार्ग किनारे लाश फेंकी पाई जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त हो गई। वह सफाई कर्मचारी था। उसकी घटनास्थल से नदारद बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है। मौके पर आया खोजी कुत्ता कोई खास सुराग नहीं दे सका। फॉरेंसिक टीम ने अपने ढंग से साक्ष्य जुटाए। हत्या का कारण साफ नहीं हो सका है। आरंभिक छानबीन के बाद संदेह के दायरे में आए तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

थानाध्यक्ष निरीक्षक रमेश यादव सहयोगियों के साथ मौके पर आ गए। मृतक की शिनाख्त उत्तर पट्टी गांव निवासी राजेश कुमार यादव (40) के रूप में हुई। वह करंजाकला ब्लाक में बतौर सफाई कर्मी तैनात था। शुक्रवार को वह घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो स्विच ऑफ मिला।

एएसपी (ग्रामीण) संजय राय, सीओ सदर सुशील कुमार भी मौके पर आ गए। छानबीन में मदद को पुलिस ने खोजी कुत्ते व फॉरेंसिक टीम को बुलाया। खोजी कुत्ता कुछ खास सुराग नहीं दे सका। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से खून आलूदा मिट्टी व अन्य साक्ष्य लेकर चली गई।

घटनास्थल पर आए मृत सफाई कर्मी के पिता उमा शंकर यादव ने बताया कि हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि किसने और क्यों मेरे बेटे को मार डाला। शव के पास मृत राजेश का हेलमेट तो था लेकिन उसकी बाइक नदारद थी। छानबीन के दौरान दोपहर में पुलिस ने इसी थाना क्षेत्र के ककोर गहना गांव के पास से बाइक लावारिस हाल में बरामद कर ली। घटना की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस मृतक के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल खंगाल रही है।

chat bot
आपका साथी