क्षेत्रीय टीम में स्थान पाने के लिए भाजपाइयों में दौड़ हुई तेज

शुभम गोयल हापुड़ जिले के भाजपाइयों में एक बार फिर पद पाने की दौड़ तेज हो गई है। इ

By JagranEdited By: Publish:Tue, 17 Nov 2020 06:30 PM (IST) Updated:Tue, 17 Nov 2020 06:30 PM (IST)
क्षेत्रीय टीम में स्थान पाने के लिए भाजपाइयों में दौड़ हुई तेज
क्षेत्रीय टीम में स्थान पाने के लिए भाजपाइयों में दौड़ हुई तेज

शुभम गोयल, हापुड़ :

जिले के भाजपाइयों में एक बार फिर पद पाने की दौड़ तेज हो गई है। इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमेटी में स्थान पाने के लिए जनपद के वरिष्ठ नेता दिल्ली और लखनऊ के दरबार में लगातार हाजिरी दे रहे हैं। पिछली बार जिले से किसी भी कार्यकर्ता को स्थान नहीं मिला था। जबकि, इस बार एक या दो कार्यकर्ताओं का समायोजन होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।

करीब एक वर्ष पहले भाजपा ने जिलाध्यक्षों की घोषणा की थी। इसके बाद प्रदेश कमेटी की घोषणा हो चुकी है। कोविड-19 के बीच मोहित बैनीवाल को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद से ही क्षेत्रीय टीम में जगह पाने के लिए जिले के कार्यकर्ता दौड़ लगा रहे हैं। विशेषकर, नए क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बैनीवाल, प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी के इर्द-गिर्द ही कई कार्यकर्ता काम भी कर रहे हैं, जिससे कि उनकी पैरोकारी मजबूत तरीके से हो सके। ऐसे में अब मंगलवार को पार्टी ने गोरखपुर क्षेत्र की क्षेत्रीय कमेटी की घोषणा कर दी है, जिसके बाद पश्चिम क्षेत्र की कमेटी में स्थान पाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच दौड़ तेज हो गई है। मंगलवार को ही पद की दौड़ में शामिल कार्यकर्ता वरिष्ठों के यहां हाजिरी लगाने पहुंच गए।

पार्टी के सूत्रों के अनुसार जिले से एक या दो कार्यकर्ताओं का क्षेत्रीय कमेटी में समावेश हो सकता है, लेकिन इससे पहले यह कार्यकर्ता केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम और पूर्व प्रदेश मंत्री वाईपी सिंह से भी फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क साधे हुए हैं। माना जा रहा है कि इनकी संस्तुति के बाद ही पद की चाह पूरी हो सकेगी। सूत्रों के अनुसार पार्टी जिले में पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महेश अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, कविता माधरे, निशांत सिसौदिया, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष मालती भारती, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेश त्यागी, पूर्व जिला महामंत्री विनोद गुप्ता, मुनेंद्र सिसौदिया, सुधीर गोयल, पूर्व विधायक जयप्रकाश के नाम में से किसी पर भी मोहर लगा सकती है। यह नाम वरिष्ठों नेताओं की सूची में चर्चा में शामिल हैं। इन सभी की कुंडली की पार्टी अपने स्तर पर छानबीन कर रही है, जिससे कि मेहनती, जातीय संतुलन और साफ छवि का कार्यकर्ता पद पर बैठ सके।

chat bot
आपका साथी