पुलिस महकमा को शर्मसार करने वाला बर्खास्‍त इंस्‍पेक्‍टर न्यायाधीश के आवास पर हुआ पेश, भेजा गया जेल Gorakhpur News

लोगों के आक्रोश को देखते हुए शाम करीब पांच बजे जज के आवास पर बर्खास्‍त इंस्‍पेक्‍टर को पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।

By Satish ShuklaEdited By: Publish:Thu, 02 Jul 2020 06:29 PM (IST) Updated:Thu, 02 Jul 2020 07:38 PM (IST)
पुलिस महकमा को शर्मसार करने वाला बर्खास्‍त इंस्‍पेक्‍टर न्यायाधीश के आवास पर हुआ पेश, भेजा गया जेल Gorakhpur News
पुलिस महकमा को शर्मसार करने वाला बर्खास्‍त इंस्‍पेक्‍टर न्यायाधीश के आवास पर हुआ पेश, भेजा गया जेल Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जनपद के भटनी थाने में महिलाओं के सामने अश्लील हरकत करने वाले बर्खास्त इंस्पेक्टर भीष्मपाल सिंह यादव को गुरुवार की शाम फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम सीनियर डिवीजन के जज अमित कुमार के आवास पर पुलिस ने पेश किया। जहां से बर्खास्त इंस्पेक्टर को जेल भेज दिया गया। पेशी को लेकर दीवानी न्यायालय परिसर में पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया था। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने रणनीति के तहत दीवानी न्यायालय परिसर कोर्ट में पेश करने से परहेज किया। 

बर्खास्त इंस्पेक्टर को गौरीबाजार थाने में करीब दस घंटे रखा गया था। गुरुवार की सुबह 11 बजे उसे फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम सीनियर डिवीजन के जज अमित कुमार के न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू हुई। लेकिन कागजी कार्रवाई पूरी न होने तथा लोगों के आक्रोश को देखते हुए शाम करीब पांच बजे जज के आवास पर विवेचक सीओ भाटपाररानी पंचमलाल तथा गौरीबाजार थानाध्यक्ष विजय सिंह गौर बर्खास्त इंस्पेक्टर भीष्मपाल सिंह यादव को लेकर पहुंचे। कागजात देखने के बाद न्यायाधीश ने जेल भेज देने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने बर्खास्त इंस्पेक्टर को जेल भेज दिया।

यह है मामला

मंगलवार की सुबह से वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि भटनी थाने में तत्कालीन इंस्पेक्टर भीष्मपाल सिंह यादव अपने कार्यालय में बैठा है। साथ ही आपत्तिजनक स्थिति में आ जाता है। फरियाद लेकर आई महिलाएं अपनी बातों को उसके सामने रख रही है। इंस्पेक्टर उनकी बातों को सुनने के साथ ही वीडियो बना रही महिला को इशारा कर बुलाता है। लेकिन महिला जाने की बजाय उसका वीडियो बनाती रहती है। ढाई मिनट के वीडियो में महिलाओं को न्याय दिलाने का इंस्पेक्टर आश्वासन देता है।

देवरिया में चार थानों पर थानाध्यक्ष रहा है भीष्मपाल सिंह यादव 

जिस इंस्पेक्टर की करतूत से पूरा पुलिस महकमा शर्मसार हुआ है, वह भीष्मपाल सिंह यादव 2016 में जनपद में आया है। सबसे पहले उसे लार थाने की कमान सौंपी गई। इसके बाद उसे मदनपुर, खामपार, भटनी में थाने की कुर्सी मिलती रही। 21 जून की रात उसे सलेमपुर कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाने का आदेश जारी किया गया, हालांकि एक घंटे के अंदर ही उसे अपराध इंस्पेक्टर सलेमपुर बनाने का आदेश मिला। इसके अलावा सदर कोतवाली में भी वह एसएसआइ के पद पर कुछ दिनों तक तैनात रहा है।

सीओ भाटपाररानी को सौंपी गई है जांच

भटनी थाने में बर्खास्त इंस्पेक्टर के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच सीओ भाटपाररानी पंचमलाल को सौंपी गई है। गुरुवार को दिन भर वह सदर कोतवाली में बैठ कर पर्चा काटते रहे।

chat bot
आपका साथी