गोरखपुर में इस कारण जारी नहीं हुई आरक्षण आवंटन की सूची, अब इस तिथि को जारी होगी

सभी अधिकारियों के हस्ताक्षर न हो पाने के कारण पंचायत चुनाव के आरक्षण की सूची शनिवार को प्रकाशित नहीं हो पाई। यह सूची अब रविवार को जारी होगी। सूची जारी होने के बाद 23 मार्च तक आपत्ति दाखिल की जा सकेगी और 25 तक आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 21 Mar 2021 08:30 AM (IST) Updated:Sun, 21 Mar 2021 05:59 PM (IST)
गोरखपुर में इस कारण जारी नहीं हुई आरक्षण आवंटन की सूची, अब इस तिथि को जारी होगी
गोरखपुर में पंचायत चुनाव के आरक्षण की सूची शनिवार को जारी नहीं हुई।

गोरखपुर, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विभिन्न पदों के लिए आरक्षण आवंटन की सूची गोरखपुर में शनिवार को जारी नहीं हो सकी। व्यस्तता के कारण सभी अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं हो पाए हैं। अनंतिम सूची अब रविवार को दोपहर बाद जारी होगी। शासन की ओर से अनंतिम सूची जारी करने के लिए 20 से 22 मार्च तक का समय दिया गया है। रविवार को सूची जारी होने के बाद 23 मार्च तक आपत्ति दाखिल की जा सकेगी और 25 तक उन आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम सूची का प्रकाशन 26 मार्च को किया जाएगा।

सभी पदों के लिए आरक्षण आवंटन की सूची हो चुकी है तैयार

पंचायती राज विभाग की ओर से शनिवार को ही ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य एवं ब्लाक प्रमुख पदों का आरक्षण आवंटन सूची जारी करने की तैयारी थी। सूची पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी एवं ब्लाक के कुछ अधिकारियों के हस्ताक्षर होते हैं। पर, सभी अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं हो पाए थे। सूची पर अंतिम हस्ताक्षर जिलाधिकारी का होता है। 

व्यवस्तता के कारण सभी अधिकारियों के नहीं हो सके हस्ताक्षर

दावेदार अपने गांव व वार्ड का आरक्षण जानने के लिए दिनभर फोन से पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से फोन पर संपर्क स्थापित करने की कोशिश करते रहे। कई लोग शाम को विकास भवन पहुंच गए थे। उन्हें सूची प्रकाशित होने की उम्मीद थी। पर, काफी देर इंतजार करने के बाद वे वापस चले गए। कई ब्लाकों की फर्जी सूची इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल होती रही। लोग उसकी सत्यता की जांच के लिए एक-दूसरे को फोन भी करते रहे।

जिला पंचायत राज अधिकारी हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि सूची कतिपय कारणों से शनिवार को प्रकाशित नहीं हो पायी है। जो सूची वायरल हो रही है, वह पूरी तरह से फर्जी है। रविवार को दोपहर बाद सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। जिला मुख्यालय से लेकर ब्लाक कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर इसे चस्पा कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी