गणपति के गीतों से गूंज रहा शहर

By Edited By: Publish:Sat, 30 Aug 2014 11:41 PM (IST) Updated:Sat, 30 Aug 2014 11:41 PM (IST)
गणपति के गीतों से गूंज रहा शहर

गोंडा: गणपति बप्पा के गीतों से पूरा शहर गूंज रहा है। शहर में जगह-जगह सजी गणेश प्रतिमा की झाकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कहीं पर जागरण का आयोजन हो रहा है, तो कहीं पर अन्य कार्यक्रम हो रहे हैं।

शहर में गणेश महोत्सव की धूम मची हुई है। रानीबाजार स्थित रामजानकी धर्मशाला में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां पर सुबह से लेकर शाम तक पूजन अर्चन का दौर चल रहा है। यहां पर शनिवार को दिन भर भगवान गणेश की महिमा का बखान किया गया। पटेलनगर, पुरानी सब्जीमंडी सहित अन्य स्थलों पर भगवान गणेश की झाकियां सजायी गयी है। जहां पर गणपति का पूजन करने में जुट राम शंकर, संतोष कुमार, रजनी श्रीवास्तव, रीता सहित अन्य का कहना था कि सच्चे मन से भगवान गणेश का पूजन करने वालों की हर मनोकामना पूरी होती है।

कर्नलगंज संवादसूत्र के अनुसार पांच दिवसीय श्री गणेश महोत्सव की धूम है। नगर के रामलीला भवन गुड़ाही बाजार में शुक्रवार की शाम को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री गणेश का पूजन किया गया। पूरी रात पूजन कार्यक्रम चला। शनिवार को मथुरा के कलाकारों ने रासलीला तथा पूजन कार्यक्रम का आयोजन होना है, जो पहली सितंबर तक चलेगा। दो सितंबर को हवन पूजन तथा श्री गणेश जी की महाआरती के साथ रात्रि में विशाल जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। गणेश महोत्सव समिति के अध्यक्ष मोहित पांडेय ने बताया कि बुधवार को सुबह से विशाल कन्याभोज भंडारा व शोभायात्रा का कार्यक्रम होगा। वैसे हर ओर गणपति की धूम है।

chat bot
आपका साथी