रई के विवाद में हत्या करने का आरोपित शिवम गिरफ्तार

सिहानी गेट थाना क्षेत्र के मोरटी गांव में रई(मट्ठा निकालने वाली) के विवाद में शुक्रवार रात घर में घुस चाकू से गोदकर रवि शर्मा(3

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 May 2019 08:12 PM (IST) Updated:Sat, 18 May 2019 08:12 PM (IST)
रई के विवाद में हत्या करने का आरोपित शिवम गिरफ्तार
रई के विवाद में हत्या करने का आरोपित शिवम गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : सिहानी गेट थाना क्षेत्र के मोरटी गांव में रई (मट्ठा निकालने वाली) के विवाद में शुक्रवार रात घर में घुस चाकू से गोदकर रवि शर्मा (38) उर्फ बिल्लू की हत्या के एक आरोपित शिवम त्यागी उर्फ कालू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उससे हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद घायल दीपक ने अस्पताल से जाकर पिता रवि की चिता को मुखाग्नि दी। शुक्रवार आधी रात रवि के पिता रेशमपाल ने अशोक त्यागी, उसके बेटे शिवम त्यागी उर्फ कालू, भाई हरिओम त्यागी, पत्नी मंजू और एक अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी देने और एकराय होकर हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पिता को पीटने पर हुआ था झगड़ा

शुक्रवार रात पांचों आरोपितों ने रवि पर घर में घुसकर हमला कर दिया था। उन पर चाकू से कई वार किए गए। बचाव में आए रवि के बेटे दीपक को भी चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया था। लोगों के आने पर आरोपित फरार हो गए थे। दोनों को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रवि ने दम तोड़ दिया था। निगम में पंप चालक के पद से रिटायर्ड रेशमपाल ने बताया कि रवि विद्युत विभाग में संविदाकर्मी था और तीन हफ्ते पहले लट्ठे से गिरने के कारण उसके दाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इस कारण वह पर घर पर ही रहता था। नौवीं क्लास में पढ़ने वाला दीपक भी शुक्रवार को घर ही था। रेशमपाल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे रई को लेकर विवाद में अशोक ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि शराब के नशे में अशोक ने अपना सिर उनके चेहरे पर दे मारा और पीटने लगा। घर से निकले रवि ने उसका विरोध किया तो अशोक गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान अशोक के भाई, बेटा, पत्नी व एक अन्य आ गए और उन्होंने घर में घुसकर रवि पर हमला कर दिया। पत्नी पढ़ाती थी बच्चों को ट्यूशन

रेशमपाल ने बताया कि उनकी बहू ममता शिवम के बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी। मगर अशोक छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर झगड़े पर उतारू हो जाता था। तीनों पिता-पुत्र व भाई ने नशे में धुत होकर उनके घर पर हमला किया और उनके बेटे को मौत के घाट उतार दिया। यदि पहले पता होता कि छोटी बातों की रंजिश मानकर वह ऐसा करेगा तो पहले से ही दूरी बना लेते। पीएम रिपोर्ट के मुताबिक रवि की मौत गहरा आघात लगने से हुई है। उनकी कमर, पेट, हाथ, सीने में चाकू के 10 से अधिक वार किए गए थे। एसएचओ संजय पांडे ने बताया कि शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी