Move to Jagran APP

Agra News: संदली मस्जिद में रची गई हत्या की साजिश, ताबीज के बहाने बुलाया और कर दिया काम तमाम

हत्याकांड का पर्दाफाश करना शुरूआत में जितना आसान लग रहा था। पांच दिन बाद गुत्थी उतनी ही उलझती जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को पकड़ा है। पूछताछ में उससे कई जानकारी सामने आई हैं। मगर कई चीजें हत्याकांड से मैच नहीं खाईं जिसके बाद पुलिस ने कई अन्य बिंदुओं को भी अपनी जांच में शामिल कर लिया है।

By Ali Abbas Edited By: Vivek Shukla Published: Fri, 24 May 2024 12:41 PM (IST)Updated: Fri, 24 May 2024 12:41 PM (IST)
ताजमहल के पूर्वी गेट के पास स्थित लकड़हारा मस्जिद, जिसमें 19 मई को महिला की हत्या की गई थी। जागरण

जागरण संवाददाता, आगरा। ताजगंज के पूर्वी गेट के पास लकड़हारा मस्जिद में नौ मई को महिला की हत्या कर दी गई थी। उसका शव अर्धनग्नर अवस्था में मिला था। महिला की हत्या की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ सकी है। पुलिस की अभी तक की छानबीन में हत्या के तार संदली मस्जिद से जुड़े निकल रहे हैं।

आशंका है कि हत्या की साजिश संदली मस्जिद में रची गई थी। हत्यारे ने महिला को ताबीज बनवाने के बहाने 150 मीटर दूर लकड़हारा मस्जिद परिसर में बनी दरगाह पर बुलाया होगा। वहां से चाबी लेकर महिला को मस्जिद के अंदर लेकर गया और भारी पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

हत्याकांड का पर्दाफाश करना शुरूआत में जितना आसान लग रहा था। पांच दिन बाद गुत्थी उतनी ही उलझती जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को पकड़ा है। पूछताछ में उससे कई जानकारी सामने आई हैं।

इसे भी पढ़ें-यूपी के शहर में वोट डालो, निशान दिखाओ, फ्री में खाओ रसमलाई

मगर, कई चीजें हत्याकांड से मैच नहीं खाईं, जिसके बाद पुलिस ने कई अन्य बिंदुओं को भी अपनी जांच में शामिल कर लिया है। वह महिला के मोबाइल की काल डिटेल का अध्ययन कर रही है।संदली मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे की कई दिन की रिकार्डिंग खंगाल रही है।

पुलिस मान रही है कि हत्यारा काफी चालाक है। उसने महिला को फोन करके नहीं बुलाया था। इससे उसे पकड़े जाने का डर था। संदली मस्जिद में प्रतिदिन महिलाओं समेत दर्जनों लोग आते-जाते हैं। गुरुवार को यहां सैकड़ों लोगों की भीड़ रहती है।

इसे भी पढ़ें-एक सीट और दांव पर लगी तीन कैबिनेट मंत्रियों की प्रतिष्ठा... यूपी की इस सीट पर दिलचस्प होगा मुकाबला

यहां मस्जिद में अपनी मन्नत का धागा और ताबीज बांध कर जाते हैं। महिला भी ताबीज बनवाकर देती थी। आशंका है कि हत्यारे ने संदली मस्जिद परिसर में ही महिला से बातचीत करके पहले से तय लकड़हारा वाली मस्जिद पर बुलाया हाेगा। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया हत्याकांड के पर्दाफाश को कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

संदली मस्जिद में लगा महिलाओं का आना मना है का पंफलेट

संदली मस्जिद में महिलाओं का आना मना है कि पंफलेट बुधवार को लगा दिया गया। मस्जिद की देखभाल करने वालों का कहना था कि पंफलेट पहले भी कई बार लगाया गया था। जिसे यहां आने वाली महिलाएं निकाल देती हैं।

45 वर्ष पुराना है मस्जिद परिसर में बना अखाड़ा

इलाके के लोगों ने बताया मस्जिद परिसर में बना अखाड़ा करीब 45 वर्ष पुराना है। दो दशक पहले तक यहां काफी लोग कुश्ती का अभ्यास करने आते थे। अब आठ से दस लोग ही यहां आते हैं। वह भी नियमित नहीं आते, कभी-कभार आते हैं। पुलिस को अखाड़े में आने वालों की भी छानबीन करनी चाहिए।

इसलिए नाम पड़ा लकड़हारा वाली मस्जिद

इलाके के लोगों का कहना है कि उनके बुजुर्ग बताते थे कि मस्जिद परिसर में 100 वर्ष पहले एक व्यक्ति रहता था। वह जंगल से लकड़ी काटकर अपना गुजर बसर करता था। उसकी मृत्यु के बाद लोगों ने मस्जिद को लकड़हारा वाली मस्जिद कहना शुरू कर दिया। आगे चलकर यही नाम प्रचलित हो गया।

मस्जिद की देखरेख करने वाले की पांच वर्ष पहले हो गई थी मृत्यु

आसपास के लोगों के अनुसार लकड़हारा वाली मस्जिद में मस्ता नाम का एक वृद्ध रहता था। वही देखरेख करता था। पांच वर्ष पहले उसकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद मस्जिद की खाली हो गई तो आसपास करीब एक दर्जन लोग वहां नियमित नमाज पढ़ने आने लगे। उन्होंने ही इसकी मरम्मत कराई।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.