घरों में उत्साह से मनी ईद, मस्जिदों पर रहा पहरा

मुस्लिम इलाकों में दिखा जश्न जैसा माहौल इत्र से महकी हवा ईद की नमाज अदा कर अल्लाह से मांगी कोरोना के खात्मे की दुआ।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 06:13 AM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 06:13 AM (IST)
घरों में उत्साह से मनी ईद, मस्जिदों पर रहा पहरा
घरों में उत्साह से मनी ईद, मस्जिदों पर रहा पहरा

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: ईद उल फितर का पर्व शुक्रवार को उत्साह से मनाया गया। मुस्लिम इलाकों में जश्न जैसा माहौल देखने को मिला। इत्र की खुशबू से हवाएं महकती रहीं। लोगों ने प्रशासन और धर्म गुरुओं की अपील मानकर घरों में ही ईद की नमाज अदा की। इसके बाद अल्लाह से कोरोना महामारी के देश, दुनिया से खात्मे और अमन चैन की मांगी। मस्जिदों पर एहतियातन पुलिस का पहरा रहा।

मुस्लिम परिवारों में शुक्रवार की सुबह सूरज निकलने से पहले हो गई। जलापूर्ति भी आधा से एक घंटे पहले शुरू हो गई थी। इसलिए घर की सफाई और नहाने धोने का काम का समय से निपट गया। सात बजे से लोगों ने अपने अपने घरों में इकट्ठा होकर ईद की नमाज पढ़ना शुरू कर दिया। नमाज के बाद सभी ने हाथ फैला कर अपने साथ ही शहर और देश की तरक्की की दुआ मांगी। अल्लाह से कहा कि वो कोरोना को जड़ से खत्म कर सबको इस खतरे से बचाए।

वहीं मस्जिदों में पांच पांच लोगों ने नमाज अदा की। जामा मस्जिद में मौलाना अशरफ अलीम ने सुबह सात बजे मस्जिद के सचिव जमील नासिर, करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खां समेत पांच लोगों को नमाज पढ़ाई। शाही मस्जिद में मौलाना आरिफ, मेवा फरोशान में मौलाना शफी कासमी और मदीना कालोनी में मौलाना अहमद उनैश नदबी ने गाइडलाइन का पालन करते हुए नमाज अदा कराई।

इसके बाद ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। कोरेाना के खतरे को देखते हुए लोगों ने कहीं आने जाने और गले मिलने से परहेज रखा। एक दूसरे को मुबारकबाद देने के लिए फोन और इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया। ईदगाह समेत प्रमुख मस्जिदों के बाहर एहतियातन पुलिस का पहरा रहा।

----

ईदगाह, गांधी पार्क में रहा सन्नाटा: ईद के दिन सुबह से गुलजार हो जाने वाला ईदगाह और इससे सटा गांधी पार्क इलाका इस बार सुनसान पड़ा था। न तो प्रशासन, राजनैतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों के ईद मिलन कैंप लगे थे और न नमाजियों की भीड़ थी। पार्क से ईदगाह जाने वाले रास्ते पर रंगोली सजी थी, लेकिन किसी को अंदर जाने से रोकने के लिए फोर्स तैनात था। ईदगाह में नमाज भी नहीं हुई। ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद खां और उनके बेटे गौहर खान ने भी स्वजन के साथ घर में ही नमाज पढ़ी।

----

मिठाई की दुकानों पर उमड़ी भीड़

शुक्रवार को मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ लगी रही। लोगों को मिठाई लेने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कई बिना लिए चले गए। इस दौरान शारीरिक दूरी का नियम टूटता रहा।

chat bot
आपका साथी