सिटी मजिस्ट्रेट को पलरिया कंटेनमेंट जोन में टूटी मिली बल्लियां

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद सिटी मजिस्ट्रेट ने सोमवार को सीओ सिटी के साथ कंटेनमेंट जोन

By JagranEdited By: Publish:Mon, 24 Aug 2020 07:39 PM (IST) Updated:Mon, 24 Aug 2020 07:39 PM (IST)
सिटी मजिस्ट्रेट को पलरिया कंटेनमेंट  जोन में टूटी मिली बल्लियां
सिटी मजिस्ट्रेट को पलरिया कंटेनमेंट जोन में टूटी मिली बल्लियां

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : सिटी मजिस्ट्रेट ने सोमवार को सीओ सिटी के साथ कंटेनमेंट जोन पलरिया का निरीक्षण किया। वहां का नजारा देखकर अधिकारी दंग रह गए। बल्लियां टूटी पड़ी थीं। बाइक फर्राटा भर रही थीं। नगरपालिका ने सैनिटाइजेशन भी नहीं कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी नदारद थी। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने चौकी प्रभारी से नाराजगी जताई। नगरपालिका ईओ को भी कंटेनमेंट जोन में मानक के अनुसार काम करने की हिदायत दी गई।

सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार, सीओ सिटी मन्नीलाल गौड़ के साथ पलरिया पहुंचे। बल्ली टूटी देखकर उन्होंने चौकी प्रभारी सुनील कुमार की क्लास लगा दी। इसी दौरान एक बाइक सवार आता हुआ दिखाई दिया। अन्य लोगों की भी आवाजाही जारी थी। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि पलरिया क्षेत्र में दो कोरोना मरीज हैं। शासन की गाइड लाइन के अनुसार अब कंटेनमेंट जोन में रह रहे हर व्यक्ति का कोरोना टेस्ट कराया जाना है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां नहीं पहुंची। कंटेनमेंट जोन बनाने में नगरपालिका सहयोग करती है, सैनिटाइजेशन भी कराती है, लेकिन नहीं कराया गया। ईओ से कहा गया है। चौकी प्रभारी को हिदायत दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम न आने के संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। उन्होंने तिवारी गली, आवास विकास, बढ़पुर, मित्तूकूंचा, शमशेरखानी आदि का भी निरीक्षण किया।

chat bot
आपका साथी