शिवजी बिहाने चले पालकी सजाएंगे.. में झूमने शिवभक्त

जागरण संवाददाता चित्रकूट महाशिवरात्रि पर धर्मनगरी के राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ समेत अन्य

By JagranEdited By: Publish:Thu, 11 Mar 2021 10:59 PM (IST) Updated:Thu, 11 Mar 2021 10:59 PM (IST)
शिवजी बिहाने चले पालकी सजाएंगे.. में झूमने शिवभक्त
शिवजी बिहाने चले पालकी सजाएंगे.. में झूमने शिवभक्त

जागरण संवाददाता, चित्रकूट : महाशिवरात्रि पर धर्मनगरी के राजाधिराज मत्तगजेंद्रनाथ समेत अन्य शिवालयों में भोर से ही भक्त औघड़दानी को प्रसन्न करने के लिए जुटे। भक्त देवाधिदेव महादेव की कृपा पाने के लिए सच्चे मन से पूजा-अर्चना करते दिखे। महाशिवरात्रि का दिन देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती के विवाहोत्सव का दिन है।

गुरुवार को मत्तगजेंद्रनाथ स्वामी में महाशिवरात्रि पर भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। बोल बम और ऊं नम: शिवाय मंत्र का जाप करते हुए शिवभक्त अपने आराध्य के दर्शन को बेताब दिखे। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे थे। भोर से शिवभक्त लाइन में लगे थी। जबकि पुलिस रामघाट से लेकर मंदिर के अंदर तक तैनात थी और एक-एक को जलाभिषेक करा रही थी। बुधवार रात में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने मत्तगजेंद्रनाथ स्वामी के दरबार में पहुंच तैयारियों का जायजा लिया था।

बाबा भोले की बरात में झूमकर नाचे लोग

शाम को करीब चार बजे स्वामी मत्तगजेंद्रनाथ की बरात रामघाट से निकाली गई। पालकी में बाबा को दुल्हा के रूप में बैठाया गया। जबलपुर के बैंड में बराती जमकर नाचे। शहनाई के धुन में विवाह संपन्न हुआ। इसके अलावा शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह शिवजी की बारात भी निकाली गई। चर के सोमनाथ मंदिर में भक्त भारी संख्या में जलाभिषेक करने के साथ रुद्राभिषेक पूजा के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर के बाहर भक्तों ने भंडारा और ठंडाई (शरबत) का भी जमकर लुत्फ उठाया। नगर के नया बाजार धतुरहा चौराहा से भी भव्य बरात निकाली गई। ग्रामोदय विश्वविद्यालय कैंपस में स्थित गुप्तेश्वर मंदिर में भी शिवभक्तों ने महादेव को प्रसन्न करने के लिए सपत्नीक रुद्राभिषेक पूजा किया। कुलपति नरेशचंद्र गौतम ने बताया कि महाशिवरात्रि पर ही ग्रामोदय विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस मनाया जाता है। राजापुर प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बा स्थित देवीदयाल रुपौलिहा शिवालय सब्जी मंडी में गुरुवार तड़के चार बजे से ही शिवभक्तों की लंबी कतार लगने लगी थी। मंदिर में भक्तों को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया था। पुजारी रामचरनदास महाराज ने बताया कि इस दिन भक्त अ‌र्द्वनारीश्वर भगवान शिव को उनका प्रिय बेलपत्र, भांग, धतूरा चढ़ाकर मनवांछित फल की कामना करते हैं। कस्बा के रुपौलिहा टोला, हनुमानगंज, गयागंज के शिवालयों में भी शिवभक्तों ने विशेष पूजा अर्चना किया। पहाड़ी प्रतिनिधि ने बताया कि, पालेश्वर मंदिर में बीते दस दिनों से मेला चल रहा है। महाशिवरात्रि पर सैकड़ों शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना किया।

chat bot
आपका साथी