Vishal Murder Case Update: बरेली में भाई की कलाई पकड़ रोई बहन, बोली-पता होता तो घर से ना जाने देती

Vishal Murder Case Update विशाल का मृत शरीर देख बहन अपने आप को रोक न सकी। वह कलाई पकड़ कर बोली पता होता तो घर से ना जाने देती।घटना से कुछ देर पहले ही विशाल बहन से राखी बंधवाकर घर आया था।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Sat, 13 Aug 2022 03:57 PM (IST) Updated:Sat, 13 Aug 2022 03:57 PM (IST)
Vishal Murder Case Update: बरेली में भाई की कलाई पकड़ रोई बहन, बोली-पता होता तो घर से ना जाने देती
Vishal Murder Case Update: बरेली में भाई की कलाई पकड़ रोई बहन, बोली-पता होता तो घर से ना जाने देती

बरेली, जागरण संवाददाता। Vishal Murder Case Update : तीन भाईयों में आरती इकलौती बहन हैं। विशाल बड़े थे, दूसरे नंबर पर राम व तीसरे नंबर पर श्याम हैं। रंजिश बढ़ता देख विशाल कुछ समय पहले घर से कमाने के लिए निकल गए। अल्मोड़ा पहुंचकर वह कारीगरी का काम करने लगे। धीरे-धीरे मामला ठंडा हो गया। इधर, रक्षाबंधन का पर्व भी करीब आ गया। इसी पर करीब डेढ़ महीने पहले विशाल घर चले आए।

शुक्रवार को रक्षाबंधन की धूमधाम से तैयारियां हुई। तीनों भाई पास में ही रह रहीं बहन आरती के पास गए। राखी बंधवाई। इसी के बाद नींद आने की बात कहकर विशाल घर चला आया। अब उसे क्या पता था कि आगे ऐसा हो जाएगा। भाई विशाल की कलाई पकड़घर बहन आरती फफक पड़ती हैं। कहती हैं कि यदि पता होता कि भाई आज हमेशा के लिए सो जाएगा। तब घर से जाने ही ना देती।

भाई राम कश्यप ने बताया कि मई माह में उनकी ओर से जीतू कश्यप उर्फ डोलू, समीर राठौर उर्फ सतीश, करन कश्यप उर्फ मोगली एवं लल्ला कश्यप पर घर में घुसकर हमला, अभद्रता, धमकी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट लिखाई थी। आरोप था कि आरोपित घर में घुस गए और दहेज में मिले सामान में तोड़-फोड़ कर दी। विरोध पर मारपीट शुरू कर दी। भाई श्याम बचाने को आए तो आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया।

जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। आरोप है कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की। इसी से आरोपितों का मन बढ़ गया। इधर, जिस वक्त वारदात हुई। उस समय विशाल के पिता सैटेलाइट पर टेंपो चला रहे थे। हत्या की जानकारी पर वह घर की ओर दौड़े। बेटे को उठाकर वह अस्पताल लेकर भागे। इस दौरान वह खून से पूरी तरह लथपथ हो गए। डाक्टरों द्वारा विशाल को मृत घोषित किये जाने पर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

लगातार मारी गई गोली

विशाल को 315 बोर के तमंचे से गोली लगातार मारी गई। पुलिस के मुताबिक, एक तमंचे से लगातार फायर करना इतना आसान नहीं है। लिहाजा, साफ है कि हत्यारोपित डोल के साथ उसके साथी भी तमंचे से लैस थे। सभी ने ताबड़तोड़ विशाल पर फायर दागे। जब पूरी तरह से यकीन हो गया कि विशाल की जान चली गई है तब घर से भागे। इधर, क्षेत्र में चर्चा रही कि हत्या के बाद कुछ देर तक आरोपित विशाल के घर के आस-पास ही घूमते रहे।

विशाल की दादी प्रेमवती को देख कहा कि खत्म कर दिया आज। यह कहते हुए चले गए। प्रेमवती ने विशाल के कमरे का नजारा देखा तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने जिला अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी की।

सुभाषनगर में बदमाश बेखौफ...गुरुवार को हलवाई को मारी थी गोली

सुभाषनगर में बदमाश पूरी तरह बेखौफ हैं। वीरभट्टी के रहने वाले हलवाई विजय लाल की पड़ोसी ने गुरुवार को रंजिशन दिनदहाड़े गोली मार दी थी। वारदात को उसने चचेरे भाई छोटू संग मिलकर अंजाम दिया था। गोली विजय लाल के दाहिनें कंधे के पास पीछे की ओर से लगी थी जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई थी। दोनों आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा लिखा गया था। देररात मोंटी को गिरफ्तार कर लिया गया था। शुक्रवार को उसे जेल भेजा गया। इधर, दूसरी घटना हो गई।

chat bot
आपका साथी