पटल बदलने पर विवि कर्मचारियों का हंगामा, सहायक रजिस्ट्रार का घेराव

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में मंगलवार दोपहर बाद अचानक गहमागहमी बढ़ गई। विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में कार्यरत करीब 22 कर्मचारियों के पटल बदल दिए गए। इसे लेकर कर्मचारी आक्रोशित हो उठे।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Apr 2021 07:14 PM (IST) Updated:Tue, 06 Apr 2021 07:14 PM (IST)
पटल बदलने पर विवि कर्मचारियों का हंगामा, सहायक रजिस्ट्रार का घेराव
पटल बदलने पर विवि कर्मचारियों का हंगामा, सहायक रजिस्ट्रार का घेराव

बरेली, जेएनएन : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में मंगलवार दोपहर बाद अचानक गहमागहमी बढ़ गई। विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में कार्यरत करीब 22 कर्मचारियों के पटल बदल दिए गए। इसे लेकर कर्मचारी आक्रोशित हो उठे। कर्मचारियों ने अपने-अपने कक्षों में ताला लगाकर काम बंद कर दिया और सहायक रजिस्ट्रार का घेराव किया। कर्मियों ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा विभाग के प्रशासनिक अधिकारी पर पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।

विश्वविद्यालय के अधिकतर विभागों में तैनात कर्मचारी कई वर्षों से एक ही पटल पर जमे हैं। कई ऐसे कर्मचारी भी हैं, जिनके पास काम का कोई दबाव ही नहीं। हाल ही में कुछ नए कर्मचारियों की भी विश्वविद्यालय में तैनाती हुई है। इसके चलते परीक्षा विभाग में तैनात करीब 22 कर्मचारियों के पटल बदले गए। कुछ नए लोगों को भी जिम्मेदारी दी गई। मंगलवार को कुलपति के आदेश पर पटल बदले जाने की जानकारी जब कर्मचारियों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। आरोप लगाया कि परीक्षा विभाग में ही करीब 25 साल से जमे कुछ कर्मियों के पटल नहीं बदले गए। उनके इशारे पर ही सूची तैयार की गई और आला अधिकारियों को गुमराह करते हुए अन्य कर्मचारियों के पटल बदल दिए गए। इसके बाद कर्मचारियों ने सहायक रजिस्ट्रार सुनीता यादव का घेराव किया। उन पर भी किसी नजदीकी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। इस पर सहायक रजिस्ट्रार कर्मियों को अपने कमरे में छोड़कर रजिस्ट्रार सुनीता पांडेय से मिलने चली गईं। बाद में कर्मचारी भी रजिस्ट्रार सुनीता पांडेय और परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के पास पहुंचे। उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासनिक अधिकारी (परीक्षा) अनिल सिंह पर पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। कहा कि वह सहायक रजिस्ट्रार को लगातार गुमराह कर रहे हैं। हालांकि करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद भी सहायक रजिस्ट्रार अपने निर्णय को वापस लेने को तैयार नहीं हुईं। महाविद्यालयों और विवि के कर्मियों में हुई खींचातानी

विवि में कर्मचारियों के हंगामे के चलते यहां प्राइवेट और रेगुलर परीक्षाओं के फार्म जमा नहीं हो पा रहे थे। सुबह से विवि पहुंचे महाविद्यालय के कर्मचारियों ने जब सहायक रजिस्ट्रार को फार्म जमा कराने के लिए तैयार किया तो विवि के कर्मियों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान एक महाविद्यालय के कर्मचारी का विवि के कर्मचारी ने गिरेबान पकड़ लिया। इस पर महाविद्यालय के कर्मचारी भी भड़क उठे। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। वे सभी सहायक रजिस्ट्रार के कार्यालय में पहुंचे जहां विश्वविद्यालय के कर्मचारी पहले से ही मौजूद थे। महाविद्यालय के कर्मचारियों ने गिरेबान पकड़ने वाले कर्मी को बाहर खींचने का प्रयास किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में जमकर खींचातानी हुई। हालांकि दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। वर्जन

परीक्षा विभाग के कर्मियों के पटल नियमानुसार और कुलपति की अनुमति पर बदले गए हैं। इस पर कर्मचारियों ने आपत्ति जताई है। विरोध बेवजह किया जा रहा है। जिन कर्मचारियों के पटल बदले गए हैं, उन्हें अब वापस नहीं किया जाएगा।

- सुनीता यादव, सहायक रजिस्ट्रार, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय

chat bot
आपका साथी