Market : बाजार खुलने को लेकर व्यापारियों में रही गहमागहमी

व्यापारिक गुटों के आपसी वर्चस्व की लड़ाई वेबिनॉर के दौरान भी नजर आई। व्यापारियों की राय लेने के लिए डीएम नितीश कुमार और एसएसपी शैलेश पांडेय ने वेबिनॉर के जरिये संपर्क साधा थ।

By Ravi MishraEdited By: Publish:Wed, 15 Jul 2020 10:30 AM (IST) Updated:Wed, 15 Jul 2020 01:41 PM (IST)
Market : बाजार खुलने को लेकर व्यापारियों में रही गहमागहमी
Market : बाजार खुलने को लेकर व्यापारियों में रही गहमागहमी

बरेली, जेएनएन। व्यापारिक गुटों के आपसी वर्चस्व की लड़ाई वेबिनॉर के दौरान भी नजर आई। व्यापारियों की राय मशविरा करने के लिए डीएम नितीश कुमार और एसएसपी शैलेश पांडेय ने वेबिनॉर के जरिये संपर्क साधा था। अधिकांश व्यापारियों का कहना था कि बाजार को पांच दिन पूरा खुलना चाहिए। भले ही टाइम स्लॉट में बांट दिया जाए। व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता ने भी इसका समर्थन किया। दूसरे व्यापारी नेता केके चंदानी ने कहा कि कोविड-19 का संक्रमण बढ़ रहा है। इसलिए बाजार को एहतियात के साथ ही खोला जाना चाहिए। आधा बाजार खोलने वाला रोस्टर ही ठीक है। इस मुद्दे पर दोनों व्यापारी नेताओं के बीच गहमागहमी शुरू हो गई।

मामला इस कदर तूल पकड़ गया कि डीएम को कहना पड़ा कि आप लोग आपस में नहीं, मुझसे मुखातिब होइए।व्यापारियों ने बताया कि पांच दिन बाजार खोलने के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी सहमत नजर आए, लेकिन एसएसपी शैलेश पांडेय का कहना था कि शहर में लगभग सौ कंटेनमेंट जोन हैं। इतनी फोर्स नहीं है कि बाजार की व्यवस्था संभालने के साथ लॉ एंड ऑर्डर और कंटेनमेंट जोन की रखवाली भी कर ली जाए। एसएसपी के स्पष्ट रूख के बाद ही मामला यू-टर्न हो गया।

प्रशासन ने रोस्टर नहीं बल्कि एग्जाम की डेटशीट लागू किया है। किस ओर आपका क्या काम है, यह देखकर ही घर से निकलें। व्यापारी के अलावा जनता के साथ भी यह मजाक है।- संजीव चांदना, प्रदेश महामंत्री, विद्युत संघ

रोस्टर नहीं, यह व्यापारियों के साथ छलावा है। जिला प्रशासन को कम से कम पांच दिन एक निर्धारित समय के साथ सभी व्यापार खोल देने चाहिए। रोस्टर से जनता भी परेशान है।- अनुपम कपूर, अध्यक्ष, कपड़ा कमेटी

यह रोस्टर अव्यवहारिक है। ग्राहकों को बता पाना बहुत ही मुश्किल हो रहा कि कब उनकी दुकानें खुलेंगी। जिलाधिकारी को इस रोस्टर पर पुन: विचार करना चाहिए। - विशाल मेहरोत्रा, अध्यक्ष, राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल

रोस्टर में सरकारी आदेशों को भी दरकिनार किया गया है। जल्द दूसरा फैसला नही लिया गया तो इसका विरोध किया जाएगा। पांचों दिन शर्तो के साथ दुकानें खोलने की छूट मिलनी चाहिए। - राजेंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल

बाजार को पांचों दिन तय समय से खुलने और बंद किये जाने की अनुमति दी जानी चाहिए थी। यदि ऐसा नही हुआ तो व्यापार चौपट होने के साथ ही सभी व्यापारी भुखमरी की कगार पर आ जाएंगे। - सय्यद गौहर अली, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंच

chat bot
आपका साथी