Road Holdup : छह फ‍िट लंबे बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस Bareilly News

अलीगंज के ग्राम बरासिरसा के महेन्द्र और कल्लू दिल्ली में काम करते हैं। दोनों सोमवार रात में दिल्ली से बरेली आए थे। इन्होंने बरेली जंक्शन से बरासिरसा गांव तक टेंपो बुक किया।

By Abhishek PandeyEdited By: Publish:Wed, 14 Aug 2019 09:14 AM (IST) Updated:Thu, 15 Aug 2019 09:16 AM (IST)
Road Holdup : छह फ‍िट लंबे बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस Bareilly News
Road Holdup : छह फ‍िट लंबे बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस Bareilly News

बरेली, जेएनएन : बिशारतगंज में एक सप्ताह के भीतर दूसरा रोड होल्डअप हुआ। सोमवार की रात नौ बजे से तड़के साढ़े तीन बजे तक अखा से बिशारतगंज तक का मार्ग बदमाशों के कब्जे में रहा। बदमाशों ने रास्ते में कीलें बिछा दी। चार गाड़ियां पंक्चर हुई। बदमाशों को देखकर लोग पंक्चर हुई गाड़ी को लेकर भाग खड़े हुए। एक टेंपो बदमाशों के चंगुल में फंस गया। बदमाशों ने उससे 11 हजार रुपये व कपड़े आदि सामान लूट लिया। हैरत की बात यह है कि रातभर बदमाश कीलें बिछाकर लूट का प्रयास करते रहे लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

महेंद्र गोस्वामी की कार के पंक्चर हुए दोनों पहिए। जागरण 

अलीगंज के ग्राम बरासिरसा के महेन्द्र और कल्लू दिल्ली में काम करते हैं। दोनों सोमवार रात में दिल्ली से बरेली आए थे। इन्होंने बरेली जंक्शन से बरासिरसा गांव तक टेंपो बुक किया। टेंपो कैंट के बरीनगला गांव का राजू चला रहा था। तड़के करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही वह बदायूं रोड के अखा तिराहे से आगे बढ़ा वैसे ही टेंपो पंक्चर हो गया। जब तक वह कुछ समझ पाता तब तक तीन नकाबपोश बदमाश तमंचे लेकर आ गए। बदमाशों ने महेन्द्र और कल्लू को पकड़ लिया। दोनों के पास से 11 हजार की नकदी के अलावा अन्य कीमती सामान व कपड़ों से भरे दो बैग लूट लिए। इसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लूटे गए दोनों बैग खेत से बरामद कर लिया। जांच पड़ताल की तो पता चला कि चार लोग लुटने से बच गए। कस्बे के मिठाई विक्रेता सतीश साहू अपने मित्र सोनू देवल के साथ सोमवार की रात 9:30 बजे ईको कार से बिशारतगंज लौट रहे थे। शहबाजपुर व र्हे की गौटिया गांव के बीच से गुजरते समय उनकी गाड़ी में कीलें लगने से दो टायर पंक्चर हो गए।


पिकअप का पहिया बदलते अखिलेश प्रजापति। जागरण 

उन्होनें जैसे ही गाड़ी रोकी तीन हथियारबंद नकाबपोशों को अपनी ओर आते देखा जिस पर गाड़ी दौड़ा दी। ठीक 15 मिनट के बाद एक आल्टो कार भी कीलें लगने से पंक्चर हुई, लेकिन चालक ने उसे नहीं रोका। इसके बाद कस्बे के ही महेंद्र गोस्वामी अपनी बैगनआर कार से महिलाओं के साथ आ रहे थे। उनकी कार के भी दो पहिए पंक्चर हुए। खतरा भांपकर वे अपनी कार लेकर भाग खडे हुए शहबाजपुर में पहुंचकर उन्होनें ग्रामीणों के अलावा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वार्ड-7 के अखिलेश प्रजापति उर्फ कृपाल अपनी टाटा मैजिक गाड़ी के साथ आ रहे थे उनकी गाड़ी के भी पहिए पंक्चर हो गए उन्होनें भी वहां से भागकर अपनी जान बचाई। रात 11 बजे दो पुलिसकर्मी यहां गश्त करते दिखाई दिए लेकिन उन्हें कहीं बदमाश नहीं दिखे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। सात दिन पहले भी इसी मार्ग पर बदमाशों ने रोड होल्डअप कर दो बुलेरो सवार लोगों को ऐसे ही लूटा था।

पुलिस को छह फीट लंबे बदमाश की तलाश 
क्षेत्र में पिछले दस दिनों में ताबड़तोड़ लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश एक ही गैंग के हैं। एक ही स्टाइल में बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सभी घटनाओं में बदमाशों की संख्या तीन है। इनमें एक बदमाश लगभग 6 फिट लम्बा तथा उसका पेट आगे को निकला हुआ है। पुलिस इस बदमाश की तलाश कर रही है। दहशत का हाल यह है कि दिन छिपते ही लोगों ने इस मार्ग से निकलना बंद कर दिया है। पिछले दस दिनों से बदमाश इसी क्षेत्र में डेरा जमाए हुए हैं।

chat bot
आपका साथी